शहीद लाला हुकम चंद जैन व मिर्जा मुनीर बेग के 164 वें शहादत दिवस पर कांग्रेसियों ने निकाली तिरंगा यात्रा
1857 की क्रांति के महान क्रांतिकारियों को दी श्रद्धांजलि
कैप्शन :33
संवाद सहयोगी, हांसी : 1857 की क्रांति के महान क्रांतिकारी व आजादी के दीवाने शहीद लाला हुकम चंद जैन व मिर्जा मुनीर बेग के 164 वें शहादत दिवस पर कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनकी याद में तिरंगा यात्रा निकाली। कांग्रेस नेताओं ने डाडल पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी व कहा कि शहीद लाला हुकम चंद जैन व मुनीर बेग हांसी के ही रहने वाले थे। अंग्रेजों की दासता से मुक्ति के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया। ब्रिटिश सरकार ने ही लाला हुकुमचंद जैन को कानूनगो बनाया था, वहीं मिर्जा मुनीर बेग को भी महत्वपूर्ण पद दिया था। लेकिन अंग्रेजों के जुल्म को दोनों नेताओं ने ही स्वीकार नहीं किया और प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हांसी क्षेत्र में क्रांतिकारियों का नेतृत्व कर अंग्रेजों को हिला कर रख दिया। इन दोनों पर हिसार की अदालत में राजद्रोह का मुकदमा चलाया गया। मुकदमे में लाला हुकम चंद जैन व मिर्जा मुनीर बेग को फांसी की सजा सुनाई गई। 19 जनवरी 1858 को लाला हुकम चंद जैन व मिर्जा मुनीर बेग के साथ उनके भतीजे फकीर चंद जैन को लाला जी की हवेली के सामने सरेआम फांसी पर लटका दिया। फांसी के बाद इनके शवों को धर्म के विपरीत आचरण करते हुए लाला के शव को दफनाया गया व मिर्जा मुनीर बेग के शव को जलाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हमे शहीद लाला हुकुमचंद जैन व मिर्जा मुनीर बेग के जीवन व उनके द्वारा किए गए संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए। आज की युवा शक्ति को भी अन्याय के खिलाफ लामबंद होना चाहिए। इस मौके पर पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, हरपाल बूरा, आनंद जाखड़, सुमन शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर, प्रेम मलिक, राजेश कासनिया, नरेन्द्र सैनी, निशु शर्मा, रणदीप लोहचब, अरविद बांडाहेड़ी, नवीन वत्स, मुकेश कासनिया मौजूद रहे।