अब ओलंपियन पूनम मलिक अर्जुन अवार्ड नहीं मिलने से नाराज, ट्वीट किया, आखिरी दम तक लड़ूंगी
इंडियन हॉकी टीम प्लेयर पूनम मलिक ने साक्षी मलिक की तरह ही खेल मंत्री को ट्वीट किया है। पूनम ने लिखा है कब तक छोटे बड़े का फर्क और संघर्ष रहेगा। जब तक भी हो मैं लड़ती रहूंगी।
हिसार, जेएनएन। ओलंपियन साक्षी मलिक के बाद अब हॉकी में ओलंपियन हिसार की प्लेयर पूनम रानी मलिक ने अुर्जन अवार्ड नहीं मिलने पर नाराजगी जाहिर की है। पूनम मलिक ने साक्षी मलिक की तरह ही खेल मंत्री को ट्वीट किया है। साक्षी मलिक की तरह ही पूनम ने भी अपनी टीस जाहिर की है। साल 2016 में रियो ओलंपिक में बतौर फॉरवर्ड प्लेयर भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी पूनम मलिक का ट्वीट भी अब चर्चा में आया है।
गांव उमरा निवासी ओलंपियन पूनम मलिक के पिता दलबीर सिंह मलिक किसान और मां संतोष देवी गृहिणी है। पूनम के गांव में घर के पास खेल मैदान है। पहले से ही गांव में हॉकी का क्रेज था, तो उन्होंने छठीं कक्षा में ही हॉकी थाम ली थी। शुरुआत गांव से की और कड़ी मेहनत की। उनकी खेल की बदौलत मात्र 15 साल की उम्र में उन्हें भारतीय टीम में खेलने का मौका मिला।
पूनम ने बताया कि मैंने अपनी स्टिक का जादू मैदान पर दिखाया और साल 2016 में बेहतर खेल प्रतिभा के बल पर रियो ओलंपिक में भारती हॉकी टीम में खेली। अब तक भारतीय टीम में 200 मैच खेल चुकी हूं। हॉकी कोच जगजीत सिंह मलिक और कोच आजाद सिंह मलिक से हॉकी खेल की बारीकियां सीखी जिससे खेल में काफी निखार आया। वर्तमान में आयकर विभाग में बतौर इंस्पेक्टर तैनात हूं।
लॉकडाउन से पहले मैदान पर नियमित खेल अभ्यास करती थी लेकिन अब बाहर नहीं खेल सकते तो ऐसे में मैंने अपनी फिटनेस पर अभी भी विशेष ध्यान केंद्रित किया हुआ है। घरेलू कार्य में परिवार का हाथ बंटाने के साथ ही मैं नियमित योग से अपनी फिटनेस बरकरार रखे हुए हूं। मुझे अर्जुन अवार्ड क्यों नहीं दिया गया समझ नहीं आया।
पूनम के नेतृत्व में साल 2020 में नेशनल चैंपियन बना हरियाणा
साल 2020 में पूनम ने हरियाणा को नेशनल हॉकी का सरताज बना दिया। पूनम की कप्तनी में केरल में खेली गई दसवीं सीनियर नेशनल महिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की टीम को हराकर हरियाणा चैंपियन बना। हरियाणा इससे पहले साल 2013 में सात साल पहले हरियाणा चैंपियन बना था। यहीं नहीं अंडर-18 और अंडर 21 भारती टीम की कप्तानी भी कर चूकी है।
पूनम की खेल में मुख्य उपलब्धियां
- साल 2016 में रियो ओलंपिक में हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व
- साल 2014 में कॉमनवेल्थ गेम
- साल 2013 जूनियन वर्ल्ड कप ब्रांज मेडल
- साल 2013 में एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर।
- साल 2016 में एशियन चैपियनशिप ट्राफी गोल्ड।
- साल 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग में गोल्ड।
पूनम मलिक की डिटेल
नाम - पूनम मलिक
गांव : उमरा
हाइट : 5 फीट 4 इंच
जन्म तिथि : 08-02-1993
खेल : फॉरवर्ड प्लेयर
जॉब : आयकर विभाग में इंस्पेक्टर
यादगार मैच : रियो ओलंपिक में जापान के साथ मैच