एसपी कार्यालय व थानों में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने भारतीय संघ के साथ 562 स्वतंत्र रियासतों को एकीकृत करके भारत को एकजुट और स्वतंत्र राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसलिए इस दिन सभी राष्ट्र की एकता अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करते हुए अन्य देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने के लिए अथक प्रयास करें।
संवाद सहयोगी, हांसी : लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर एसपी कार्यालय एवं पुलिस जिला हांसी के अंतर्गत आने वाले सभी थानों में राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। एसपी लोकेंद्र सिंह ने एसपी कार्यालय में तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
लौहपुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने भारतीय संघ के साथ 562 स्वतंत्र रियासतों को एकीकृत करके भारत को एकजुट और स्वतंत्र राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसलिए इस दिन सभी राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करते हुए अन्य देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने के लिए अथक प्रयास करें।
उन्होंने राष्ट्र को एकजुट बनाए रखने में भारतीय पुलिसबल की भूमिका की भी सराहना की। इसके साथ-साथ सभी पुलिस थानों शहर थाना, सदर थाना, थाना नारनौंद व महिला थाना में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। थाना बास में डीएसपी भगत राम ने सभी कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डीएसपी विनोद शंकर, वेलफेयर ऑफिसर पुष्पा देवी, प्रवाचक पुलिस अधीक्षक शिवकुमार आदि उपस्थित थे।