पंजाब से भतीजे का जन्मदिन मनाने आए हिसार के युवक की बेरहमी से हत्या
हिसार में पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच हुए झगड़े में इंद्रा नगर निवासी धर्मेंद्र की हत्या कर दी गई। हमले में महाबीर कॉलोनी निवासी शमशेर और पवन भी घायल हो गए।
हिसार, जेएनएन। पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच हुए झगड़े में इंद्रा नगर निवासी धर्मेंद्र की हत्या कर दी गई। हमले में महाबीर कॉलोनी निवासी शमशेर और पवन भी घायल हो गए। हत्या के बाद इस गुट के लोगों ने भी हमलावरों के एक साथी को घर से उठाकर रेलवे लाइनों पर ले जाकर मारपीट कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों गुटों के अब तीन लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपित गौरव, रमन और अर्जुन उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। उनको शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार महाबीर कॉलोनी निवासी शमशेर और पवन का आरोपितों के साथ झगड़ा चल रहा है। इसी के चलते बुधवार देर रात करीब सवा 3 बजे आरोपित कमल, गौरव, रमन, अर्जुन उर्फ घोड़ा, जैंबो उर्फ दीपक व दो अन्य लोग शमशेर और पवन को उठाकर रेलवे लाइन पर ले गए।
उन्होंने शमशेर और पवन पर तलवार, गंडासी, चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान इंद्रा नगर निवासी नीरज और उसका दोस्त धर्मेंद्र वहा से जा रहे थे। उन्होंने हमला होते देख शमशेर और पवन को बचाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपितों ने उन पर ही हथियारों से हमला कर दिया। हमले में बाकी दोनों के अलावा धर्मेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि नीरज बचकर भाग गया। शोर होने पर आस पास के क्षेत्र के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को देख सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। उसी दौरान नीरज वापस आया और गंभीर रूप से घायल शमशेर, पवन और धर्मेंद्र को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। ईलाज के दौरान वीरवार दोपहर बाद धर्मेंद्र की मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अभी इस घटना की छानबीन कर रही थी कि फिर से एक झगड़ा हो गया। इस बार भी यही दोनों गुट आपस में भिड़े। हमले में घायल धर्मेंद्र, शमशेर और पवन के लोगों ने दूसरे गुट एक साथी इंद्रा नगर निवासी शुभम को घर से उठा लिया। वह उसे उठाकर बदला लेने के लिए उसे भी रेलवे लाइन पर उसी जगह ले गए, जहा धर्मेंद्र सहित बाकी साथियों पर हमला हुआ था। उन्होंने शुभम को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जांच में सामने आया कि मृतक धमेंद्र पंजाब के धुरी में रहता है और अपने भतीजे के जन्मदिन पर वह हिसार आया था। मगर यह घटना घट गई।