हरियाणा से लौट रहा मानसून, दो दिन परिवर्तनशील रहेगा मौसम, जानें आगे क्या रहेगी स्थिति
एचएयू मौसम विभागाध्यक्ष मदन लाल खिचड़ के अनुसार 7 अक्टूबर व 8 अक्टूबर को मौसम परिवर्तनशील व बीच-बीच मे आंशिक बादल परन्तु हवा में बदलाव की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। बीते एक सप्ताह से मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। कभी बादल छा जाते हैं तो कभी धूप निकल आती है। मगर अब गर्मी से लोगों को राहत मिलती जा रही है। बीच बीच में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली है। मगर अब बारिश होने के आसार कम हैं। माना जा रहा है कि मानसून अब हरियाणा से लौट चुका है। ऐसे में बारिश तो नहीं होगी मगर गर्मी कम होती जाएगी। दिन के वक्त धूप से गर्मी रहेगी तो वहीं सुबह और शाम के वक्त मौसम में नमी देखने को मिलेगी।
ऐसे में जो किसान बारिश के कारण चिंतित थे वो अब राहत की सांस ले सकते हैं। हालांकि कुछ क्षेत्रों में फसलों का काम बन चुका हैं और वहां किसानों को बारिश की आवश्यकता भी थी, मगर कुछ इलाकों में अभी भी फसलों का काम पूरी तरह से नहीं हुआ है। अगर बारिश होती थी कपास और धान की फसल में नुकसान हो सकता था।
साेमवार को दोपहर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। बीते सप्ताह अरब सागर में बने साइक्लोन सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी युक्त हवाएं राजस्थान से होती हुईं हरियाणा के कुछ इलाकों में दाखिल हुई, जिसके कारण बारिश हुई। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
एचएयू मौसम विभागाध्यक्ष मदन लाल खिचड़ के अनुसार 7 अक्टूबर व 8 अक्टूबर को मौसम परिवर्तनशील व बीच-बीच मे आंशिक बादल परन्तु हवा में बदलाव की संभावना है। जिससे पूर्वी हवाओं की जगह उतर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए 9 अक्टूबर से मौसम खुशक रहने व रात दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है।