बहादुरगढ़ के डाबौदा खुर्द में दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की हत्या
डाबौदा खुर्द गांव में बुधवार रात एक ढाबे पर बैठे दो युवकों पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा जख्मी हो गया। हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बहादुरगढ़, जेएनएन। बहादुरगढ़ के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डाबौदा खुर्द गांव में बुधवार रात एक ढाबे पर बैठे दो युवकों पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक की पहचान डाबौदा खुर्द के रहने वाले दर्शन उर्फ काला के रूप में हुई है। घायल का नाम अमन बताया गया है। वह छोछी गांव का रहने वाला है। उसकी जांघ में एक गोली लगी है। जबकि काले के शरीर में हमलावरों ने कई गोलियां उतार दी। घटना करीब साढ़े आठ बजे हुई। बताते हैं कि केएमपी के फ्लाई ओवर को पार करते ही दाई तरफ यह ढाबा है। वहीं पर दोनों बैठे हुक्का पी रहे थे।
हमलावर सीधे पहुंचे और ताबड़तोड़ गाेलियां बरसा दी। दर्शन व अमन को संभलने का माैका नहीं मिला। घटना का पता लगते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। इलाके में चारों तरफ नाकाबंदी की गई। मगर हमलावरों का पता नहीं चल पाया। अभी तक की जानकारी में हमलावरों की संख्या तीन-चार बताई जा रही है। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है। घायल अमन से पूछताछ की जाएगी। उसके बाद से ही पता लगेगा कि इस हमले के पीछे क्या वजह रही। शव को सिविल अस्पताल भेजा गया है।
ढाबे का मालिक था काला, अमन को दे रखा था किराये पर :
पुलिस ने बताया है कि जिस ढाबे पर यह घटना हुई, उसका मालिक काला था। वह खुद खेतीबाड़ी करता था। इस ढाबे को किराये पर लेकर अमन चलाता है। उससे प्राथमिक पूछताछ की गई है। उसने भी हमलावर अज्ञात बताए हैं। दोनों ढाबे पर अक्सर इकट्ठे बैठते थे। उधर, अमन का अभी आपरेशन चल रहा है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है।