दुकान के गल्ले से रुपये लूट रहे बदमाशों को टोका तो व्यापारी के सिर में मार दी गोली
42 वर्षीय विजय स्क्रेप व्यपारी था। सोमवार को एक युवक उनके भाई अजय की किरयाणा की दुकान पर आया था जिसने सिगरेट ली और चला गया। कुछ देर बाद 2 युवक आये और दुकान से कैश लूट लिया। इस दौरान विजय भी यहीं था। रोकने पर गोली मार दी
रोहतक, जेएनएन। रोहतक में एक और हत्या का मामला सामने आया है। शहर के गांधी कैम्प में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांधी कैंप निवासी 42 वर्षीय विजय स्क्रेप व्यपारी था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक उनके भाई अजय की किरयाणा की दुकान पर आया। जिसने सिगरेट ली और वहां से चला गया। माना जा रहा है कि वह रेकी करने के लिए आया था। इसके कुछ देर बाद 2 युवक आये और दुकान से कैश लूट लिया। इसी दौरान विजय भी वहां पर आ गया।
जिसने बदमाश से कहा कि क्या हो रहा है। तभी एक बदमाश ने मुंह पर सीधी गोली मार दी। पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर डीएसपी गोरखपाल मौके पर आए। आरोपित वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। हालांकि यह पता नही चल सका कितनी लूट हुई है। पुलिस मौके पर है।
मृतक के भाई अजय ने बताया कि मेरी दुकान पर आए युवकों ने कैश लूटने के बाद मुझे गोली मारनी चाही, मगर नहीं मार पाए। इस दौरान मेरा भाई विजय दुकान पर आया तो उसकी और बंदूक तान दी। मैनें गोली नहीं मारने की गुजारिश भी की मगर उन्होंने एक नहीं सुनी। उन्होंने भाई विजय को गोली मार दी। बदमाशों को पीछा करने की भी कोशिश की गई मगर सफलता नहीं मिली।
विजय को गोली लगते ही वो जमीन पर गिर गया। गोली ठीक सिर के बीच के में लगे होने के कारण वह बुरी तरह से खून से सन गया। मैं कुछ समझ पाता इससे पहले ही बदमाश हवाई फायर करते हुए वहां से भाग गए। घटना के बाद हम भाई विजय को जब तक अस्पताल लेकर पहुंचे उसकी सांसे थम चुकी थी। वहीं दिन दहाड़े हत्या होने से रोहतक में भय का माहौल बना हुआ है। बता दें कि इससे पहले रविवार को भी एक अधेड़ व्यक्ति की पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी।