राहत के चक्कर में मुसीबत पाल रहे हिसार के लोग, कचरे में आग लगा फैला रहे जहरीला धुआं
शहर में कुछ अज्ञात लोग कचरे के ढेर में आग लगाकर उसका निस्तारण करने में लगे हुए है। जो भी कचरा इकट्ठा होता है दुकानदार और लोग इसमें सुबह आग लगा देते हैं। ताजा मामला इंडस्ट्रियल एरिया का है। इस धुएं से खतरनाक नुकसान होता है।
हिसार, जेएनएन। शहर में कई जगह कचरा निस्तारण अलग तरीके से हो रहा है। कुछ अज्ञात लोग कचरे के ढेर में आग लगाकर उसका निस्तारण करने में लगे हुए है। जो भी कचरा इकट्ठा होता है दुकानदार और लोग इसमें सुबह आग लगा देते हैं। ताजा मामला इंडस्ट्रियल एरिया का है। बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक खाली प्लाट में किसी अज्ञात ने कचरे में आग लगा दी। आग इतनी अधिक थी कि उसका जहरीला धुआं शहर में दूर तक देखा जा सकता था। धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे कि कहीं किसी फैक्टरी में तो आग नहीं लग गई। वहां खाली प्लाट में कचरे में लगी आग देखकर वापिस लौट रहे थे।
यह स्थिति शहर में एक जगह नहीं बल्कि कई जगह आम देखी जा सकती है। इसमें मुख्यतय दयानंद ब्रह्म महाविद्यालय के पास रेलवे लाइन की बाउंडरी का क्षेत्र है। जहां अक्सर कचरे में आग लगाई जाती है। ऐसे में अब प्रशासन को कचरे में आग लगाकर जहरीला धुआं फैलाने वालों पर कार्रवाई की जररुत है। उधर नगर निगम की टीम ने मंगलवार से अब रात को खुल में कचरा डालने वालों के चालान काटने की कार्रवाई शुरु की है। मंगलवार को पीएलए सेक्टर में खुले में कचरा डालने वाले 6 लोगों के 500-500 रुपये के चालान किए है।
डंपिंग स्टेशन पर भी लग रही आग
गांव ढंढूर के पास बने नगर निगम के कचरा डंपिंग स्टेशन पर कचरे में आग लगने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार व मंगलवार को भी दमकल की गाड़ियां आग बुझाने पहुंची। इस क्षेत्र में अक्सर बार बार कचरे में आग लगती रहती है। जिस कारण दमकल विभाग का लाखों रुपये तेल खर्च होने से वाहनों के टायर पर भी काफी खर्च हो रहा है। इसके अलावा प्रतिदिन कचरे में लग रही आग के कारण आसपास के क्षेत्र में लोग इतने प्रभावित है कि अधिकांश बुजुर्ग दमा, चर्म रोग, आंखों के रोग इत्यादी कई प्रकार की बीमारी से ग्रस्त है। गांव के सरपंच मनोज शर्मा की माने तो डंपिंग स्टेशन से निकलने वाले धुएं की जहरीली गैस के बीच ग्रामीणों को नरक जैसा जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
शहर के मुख्य सड़क किनारे में लोग कचरे में लगा देते है आग
शहर में कचरे के ढेर में आग लगाने का आलम यह है कि कई बार तो शहर के मुख्य मार्ग में से एक मलिक चौक से मधुबन पार्क मार्ग पर निर्माणाधीन कमिश्नर हाउस के सामने खाली जमीन पर भी कई बार कचरे में आग देखी गई। जबकि इस मार्ग पर विधायक आवास से लेकर नगर निगम कार्यालय, एडीसी आवास सहित कई सरकारी भवन है। इसके बावजूद भी खाली जमीन पर कई बार लोग कचरे में धड़ल्ले से आग लगा रहे है।
---शहर में कई जगह लोग रात को खुले में कचरा डालकर एकत्रित कर देते है। इनमें से कुछ में अज्ञात लोग आग लगा देते है। ऐसे में निगम टीम ने अब रात को खुले में कचरा डालने वालों की पहचान के लिए फील्ड में रात को भी निगम टीम ने शहर का निरीक्षण किया है। छह लाेगों के चालान भी किए है। चालान करने का कार्य आगे भी जारी रहेगा। हमारी जनता से भी अपील है कि वे कचरे में आग न लगाए।
- सुभाष सैनी, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम हिसार।