weather update: 42 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान, अभी और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल तक मौसम खुश्क एवं परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छाने के साथ तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। अप्रैल महीने का आखिरी सप्ताह आया भी नहीं है कि गर्मी अपने चरम पर है। सुबह होते ही तेज धूप त्वचा जलाने लगी है। दोपहर हाेने तक लू चलने जैसा अहसास होने लगा है। ऐसे में मई से पहले ही गर्मी चरम पर पहुंच गई है। वहीं अभी इस गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और गर्मी और ज्यादा बढ़ेगी।
करीब एक सप्ताह पहले हुई बारिश के बाद से ही लगातार धूप बढ़ रही थी और अब गर्मी में पसीने भी छूटने लगे हैं। इससे बारिश में भीगी फसलों के सूखने में तो मदद मिली है, मगर गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। पंखों के साथ अब कूलर की जरुरत भी आन पड़ी है।
मंगलवार को अप्रैल माह का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार को यह 38.2 डिग्री सेल्सियस था।
वहीं न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल तक मौसम खुश्क एवं परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छाने के साथ तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।