शादी में बाधा समझ प्रेमिका को जहर पिलाकर मार डाला, ऐसे रची साजिश
ऋषिनगर में रहने वाली 32 वर्षीय बबीता की जहर से मौत हो गई है। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में मृतका के प्रेमी ऋषिनगर निवासी विपिन के खिलाफ जहर पिलाकर हत्या करने का केस दर्ज किया है
हिसार, जेएनएन। ऋषिनगर में रहने वाली 32 वर्षीय बबीता की जहर से मौत हो गई है। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में मृतका के प्रेमी ऋषिनगर निवासी विपिन के खिलाफ जहर पिलाकर हत्या करने का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार फरीदाबाद की बबीता की शादी 17 साल पहले प्रकाश के साथ हुई थी। उनके 15 साल का बेटा प्रिंस और 10 साल की बेटी परी है। प्रिंस नौवीं और परी पांचवीं कक्षा में पढ़ता है।
प्रकाश का परिवार ऋषिनगर में विपिन के घर में किराये पर रहता था। प्रकाश लुधियाना की एक फैक्टरी में काम करता है। बबीता दो बच्चों के साथ यहां रह रही थी। फरीदाबाद के सेक्टर-14 के मुजेसर फाटक एरिया की सीमा ने कहा कि मेरी बहन बबीता ने मुझे बताया था कि उसका मकान मालिक विपिन से दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। अब जल्द विपिन की शादी होने वाली है। विपिन ने हफ्तेभर पहले बबीता को दिल्ली के नवादा भटियाला रोड एरिया में कमरा किराये पर लेकर दिया था।
वह बबीता को बच्चों समेत वहां छोड़ आया था। प्रकाश किसी काम से बाहर गया हुआ था। दिल्ली वाले कमरे का किराया विपिन ने ही दिया था। सीमा ने बताया कि बबीता 27 नवंबर को हिसार में स्कूल से बच्चों का स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट लेने आई थी। बबीता ने रात को 10 बजे फोन पर बताया था कि वह 12 क्वार्टर एरिया में विपिन के भाई-भाभी के घर पर है। उसके बाद तड़के तीन बजे विपिन ने फोन कर हमें बताया कि बबीता के पेट में दर्द हो गया है। वह उसे अस्पताल ले जा रहा है। उसके कुछ देर बाद बस अड्डे के पास के एक अस्पताल से कर्मचारी ने फोन कर हमें बबीता के दाखिल होने की सूचना दी। वे परिवार के साथ वीरवार को अस्पताल में पहुंचे तो बबीता दाखिल थी।
वह हमें देखकर कुछ कहना चाहती थी, मगर बोल नहीं पाई और दम तोड़ गई। उसका बैग और मोबाइल फोन गायब हैं। हमें वहां विपिन नहीं मिला। सीमा ने कहा कि मुझे संदेह है कि विपिन ने रास्ते से हटाने के लिए बबीता की हत्या की है। संभवत: विपिन की 9 दिसंबर को शादी होनी है। सिटी थाने की एसआइ रचना रानी और बस अड्डा चौकी इंचार्ज चांदीराम ने सूचना मिलने पर अस्पताल में पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में किया गया। सिटी थाना पुलिस ने नामजद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।