महिला बोली- पति पहले से ही था शादीशुदा, मेरे साथ करता रहा दुष्कर्म
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह नर्स है और करीब डेढ़ साल पहले अरिहंत नामक व्यक्ति से मिली थी। दोनों ने शादी कर ली लेकिन बाद में उसको पता चला कि अरिहंत शादीशुदा है।
हिसार, जेएनएन। दुष्कर्म के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मगर एक महिला ने अपने पति पर ही दुष्कर्म का आरोप लगाया है। ऐसे में शहर की एक कालोनी में रह रही महिला के साथ दुष्कर्म करने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने उसके पति पर ही मामला दर्ज किया है। महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह नर्स है और करीब डेढ़ साल पहले अरिहंत नामक व्यक्ति से मिली थी। दोनों ने शादी कर ली लेकिन बाद में उसको पता चला कि अरिहंत शादीशुदा है।
इस बात को लेकर दोनों का झगड़ा भी होने लगा। चार माह पहले उसने उसके साथ झगड़ा किया और उसका पैर पर चोट भी मार दी थी। झगड़ा बढऩे पर पुलिस में भी मामला गया था। मगर बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और वह साथ रहने लगे, लेकिन दोनों के बीच झगड़ा कभी खत्म नहीं हुआ। महिला ने आरोप लगाए कि उसके पति उसकी बिना मर्जी से शरीरिक संबंध बनाए। इस बात का विरोध किया तो उसने उससे मारपीट की। पुलिस ने अब महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
पत्नी से बहस होने पर ससुराल में खाया जहर
हिसार: मोठ लुहारू गांव में पत्नी से मिलने गए पति सुनील ने मामूली बहस होने पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। सुनील अपनी पत्नी से मिलने ससुराल में गया था। वहां पर रविवार को उसकी पत्नी से बहस हो गई। उस समय ससुराल पक्ष के लोग काम से खेत में गए हुए थे और पति-पत्नी दोनों घर पर अकेले थे।
ऑनलाइन स्कूटी खरीदना पड़ी महंगा, 59 हजार की लगी चपत
हिसार : ऑनलाइन स्कूटी खरीदना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। गांव ठसका जिला हिसार निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसने एक ऑनलाइन साइट पर स्कूटी खरीदने के लिए संपर्क किया, जिस पर एक व्यक्ति ने संबंधित ऑनलाइन कंपनी का खुद को कर्मी बताते हुए उससे 59080 रुपये बैंक खाते में डलवा लिए तो जल्द स्कूटी भेज देने का भी भरोसा दिया। लेकिन उसके पास स्कूटी नहीं पहुंची और जब संबंधित नंबर पर संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं मिल पाया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।