बहादुरगढ़ में हत्या, रात दो बजे घर में सो रहे युवक की कनपटी से बंदूक सटा मार दी गोली
जसौरखेड़ी गांव में हुई वारदात। हत्यारे कौन थे और क्यों हत्या की इनका अभी खुलासा नहीं हो सका है। गोली की आवाज सुनकर मृतक के स्वजन जागे मगर दोनों हत्यारे भाग निकले। सूचना पाकर रात में ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं।
हिसार/बहादुरगढ़, जेएनएन। बहादुरगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शुक्रवार रात जसौरखेड़ी गांव में हुई। बताया जा रहा है कि जिस समय हत्या की गई, उस समय युवक अपने घर में सो रहा था। फिलहाल हत्या के कारणों और हत्यारों का पता नहीं चल सका है।
मृतक 30 वर्षीय सोमबीर अविवाहित था। पता चला है कि शुक्रवार रात को लगभग दो बजे बाइक पर दो युवक उसके घर के सामने पहुंचे। उनमें से एक घर में घुस गया। वहां सो रहे सोमबीर के सिर में बंदूक सटाकर गोली मार दी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर स्वजन जागे मगर कोई हमलावर हाथ नहीं आया। वारदात के बाद चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। छानबीन शुरू कर दी गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मगर फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।
हत्या के कारणों का पता नहीं
सोमबीर की घर में घुसकर हत्या से परिवार के लोग ही नहीं ग्रामीण भी हैरान हैं। सोमबीर खेतीबाड़ी का काम करता था। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ऐसे में सोमबीर की हत्या के पीछे कौन हो सकता है और इसकी क्या वजह है, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस कई बिदुओं पर जांच कर रही है।
क्या कहती है पुलिस
आसौदा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया है कि अभी हत्यारों की पहचान नहीं हो सकी है। परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे कारण से मृतक के स्वजनों ने अनभिज्ञता जताई है। कोई ठोस सुराग भी मौके से हाथ नहीं लग सका है। पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।