मॉडलिंग के बहाने किशोरी की ली अश्लील तस्वीर, फिर ब्लैकमेल कर करता रहा दुष्कर्म
पीडि़ता ने बताया कि संजय अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन करके परेशान करने लगा। मैंने मिलने से इनकार कर दिया तो संजय ने मेरी बहन के मोबाइल फोन पर मेरी गलत फोटो भेज दी।
हिसार, जेएनएन। किशोरियों से दुष्कर्म करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला हिसार शहर का है। जहां सिविल लाइन पुलिस ने संजय नामक फोटोग्राफर के खिलाफ दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने और छह पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वह मॉडलिंग के नाम पर 17 साल की लड़की की आपत्तिजनक फोटो लेकर ब्लैकमेल कर तीन महीने से दुष्कर्म कर रहा था।
पीडि़ता ने बताया कि वह शहर के एक ब्यूटी पार्लर पर काम करती थी। उसने बाद में काम छोड़ दिया था। पड़ोस के एक स्टूडियो पर फोटोग्राफर का काम करने वाले संजय ने उसे दूसरे ब्यूटी पार्लर में नौकरी लगवा दी। उसके बाद संजय का घर आना-जाना हो गया। वह सुबह ब्यूटी पार्लर पर ले जाता और शाम को घर पर छोड़ जाता। इसी दौरान उसने मॉडलिंग के नाम पर अपने साथ मेरे कुछ फोटो खींच लिए।
वह बाद में उन फोटो के आधार पर ब्लैकमेल करके नवंबर 2017 में डीसी कॉलोनी के एक होटल में ले गया और धमकी देकर दुष्कर्म किया। अगले दिन उसी होटल में ले गया। उसने दुष्कर्म कर कुछ अश्लील फोटो खींच ली। उसके बाद लगातार तीन माह तक दुष्कर्म करता रहा।
मैंने फरवरी महीने में ब्यूटी पार्लर में जाना छोड़ दिया। उसके बाद संजय अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन करके परेशान करने लगा। मैंने मिलने से इनकार कर दिया तो संजय ने मेरी बहन के मोबाइल फोन पर मेरी गलत फोटो भेज दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है।