पत्नी ने बिकवा दी जमीन, शर्मिंदगी में पति ने उठा दिया एेसा कदम
मृतक के भाई के ब्यान पर सेक्टर-9 चौकी पुलिस ने उसकी पत्नी पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
बहादुरगढ़, जेएनएन। जमीन मां के समान होती है, यह बात अक्सर सुनने को मिलती है। बहादुरगढ़ में भी इस बात को एक शख्स ने इस तरह समझा कि अपनी जान ही दे दी। सेक्टर-9 के हाउसिंग बोर्ड में किराये के मकान में रह रहे एक व्यक्ति ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के भाई के ब्यान पर सेक्टर-9 चौकी पुलिस ने उसकी पत्नी पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गांव सूरहा किलोई निवासी संतराम (34) ड्राइवरी करता था और कई माह से वह सेक्टर-9 हाउसिंग बोर्ड के एक मकान में अपने परिवार के साथ किराये पर रह रहा था। बताया गया है कि अक्सर उसकी पत्नी व उसके बीच में कहासुनी होती रहती थी। संतराम की संतोष के साथ वर्ष 2013 में शादी हुई थी। यह संतराम की नहीं बल्कि संतोष की दूसरी शादी थी। संतराम की पत्नी ने कुछ समय पहले संतराम पर दबाव डालकर ढाई एकड़ जमीन बिकवा दी थी।
इसी के चलते संतराम शर्मिंदगी महसूस कर रहा था। पत्नी की ओर से डाले गए दबाव और उससे परेशान होकर बुधवार दोपहर बाद उसने किराए के मकान में ही रस्सी से फंदा लगाकर पंखे से लटककर अपनी जान से दी। पुलिस को दिए ब्यान में मृतक के भाई ने संतोष पर उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। उसने बताया कि संतराम उसके व्यवहार से काफी परेशान था। वह अक्सर उसके साथ कहासुनी करती रहती थी। जिसके चलते उसने फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। उधर मृतक की पत्नी का भी कहना है कि संतराम उसके साथ मारपीट करता था। कुछ रोज पहले भी उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया था।
---
संतराम के भाई के ब्यान पर उसकी पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। संतराम की पत्नी ने दबाव डालबर उसकी जमीन भी बिकवा दी थी। इससे वह शर्मिंदगी महसूस कर रहा था। बृहस्पतिवार को संतराम के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। -सुरेश कुमार उप निरीक्षक, इंचार्ज सेक्टर-9 चौकी।