Hisar Coronavirus Update: एनआरसीई की रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव थे 24 घंटे में नेगेटिव हुए मेयर
सिविल सर्जन डा. रत्ना भारती ने उन खबरों को गलत व भ्रामक बताया है जिनमें नगर निगम के मेयर गौतम सरदाना को कोरोना पॉजिटिव बताया जा रहा है। जबकि वो पॉजिटिव मिले थे।
हिसार, जेएनएन। सिविल सर्जन डा. रत्ना भारती ने उन खबरों को गलत व भ्रामक बताया है जिनमें नगर निगम के मेयर गौतम सरदाना को कोरोना पॉजिटिव बताया जा रहा है। जबकि राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान की लैब से जारी एक रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिले थे। मेयर ने स्वयं सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर कहा था कि उनकी एक रिपोर्ट पॉजिटिव होने की सूचना विभाग ने उन्हें दी है। मेयर ने कहा था कि हिसार लोकसभा सांसद के पॉजिटिव मिलने के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया था और एक निजी लैब से जांच करवाई थी, उसमें वह निगेटिव मिले थे।
लेकिन इसके बाद सिविल अस्पताल में दिए गए सैंपल की रिपोर्ट में उन्हें पॉजिटिव होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह घर से दूर एक अन्य स्थान पर क्वारंटाइन हो गए थे। इन सब के बावजूद सीएमओ ने वीरवार को बयान जारी कर कहा कि हिसार सांसद बृजेंद्र ङ्क्षसह की हिसार विजिट के बाद उनके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उन्होंने सार्वजनिक अपील की थी कि जिला का जो भी व्यक्ति इस दौरान उनके संपर्क में आया था वह अपना टेस्ट करवा लें। इस पर मेयर गौतम सरदाना ने भी अपने परिजनों सहित सैंपल दिए थे जो कि जांच के दौरान निगेटिव पाए गए थे।
दो मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे, 12 नए कोरोना पॉजिटिव मिले -
जिले में वीरवार को जहां दो मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। वहीं 12 नए केस सामने आए। इनमें कॉन्टेक्ट टू कॉन्टेक्ट अधिक केस पाए गए है। डोगरान मोहल्ला में हुए शादी समारोह में शामिल हुआ एक व्यक्ति और कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह युवक अग्रोहा धाम में क्वारंटाइन किया गया है। युवक स्टेशनरी का काम करता है। वहीं इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का बिजनेस करने वाला सेक्टर 14 निवासी 27 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह एक कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में था। अर्बन एस्टेट टू निवासी 38 वर्षीय युवक पंचकूला से लौटा था। यह युवक भी सैंपल की रिपोर्ट आने पर पॉजिटिव पाया गया। इसे जाट धर्मशाला में क्वारंटाइन किया गया है। वहीं एक ज्वेलर्स के संपर्क में रहा एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है।
यह युवक एक बैंक में ब्रांच मैनेजर है। सूर्य नगर में 28 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। वहीं पुलिस लाइन एरिया निवासी और हाल ही में भगत सिंह नगर में रह रहा 26 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह मोबाइल फोन की दुकान पर काम करता है। यह युवक कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में था। गांधी चौक निवासी मुख्यत: कोलकाता निवासी 31 वर्षीय व 34 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले है। यह दोनों ज्वेलरी शॉप में काम करते है। बालसमंद में 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह खेती करता है और एक सर्जरी के दौरान इसका टेस्ट किया गया था। जिंदल स्टील में काम करने वाला एक 46 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं जिंदल अस्पताल से रिटायर्ड एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है।