Move to Jagran APP

कुमारी सैलजा बोलीं- कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ेगी ऐलनाबाद उपचुनाव, भाजपा की होगी करारी हार

कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्‍यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव थोपा गया है। यहां से विधानसभा सीट से इस्तीफा देना कोई लोजिक नहीं बनता है। यहां के विधायक अभय सिंह विधानसभा में जनता की आवाज उठाने का काम करते तो ज्यादा उचित रहता

By Manoj KumarEdited By: Published: Wed, 17 Mar 2021 03:58 PM (IST)Updated: Wed, 17 Mar 2021 03:58 PM (IST)
कुमारी सैलजा बोलीं- कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ेगी ऐलनाबाद उपचुनाव, भाजपा की होगी करारी हार
कार्यकर्ताओं से सिरसा में बैठक करती कुमारी सैलजा व अन्‍य

सिरसा, जेएनएन। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी ऐलनाबाद उपचुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।इसके लिए पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। कुमारी सैलजा बुधवार को कांग्रेस भवन में ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव थोपा गया है। यहां से विधानसभा सीट से इस्तीफा देना कोई लोजिक नहीं बनता है। यहां के विधायक अभय सिंह विधानसभा में जनता की आवाज उठाने का काम करते तो ज्यादा उचित रहता।

loksabha election banner

भाजपा का ग्राफ नीचे गिर रहा है

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा की बेकायदगियों की वजह से उसका ग्राफ लगातार नीचे गिर रहा है। सरकार ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। हर वर्ग सरकार की ज्यादतियों से तंग है और त्राहिमाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद उपचुनाव में भी भाजपा उम्मीदवार की करारी हार होगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संकट की घड़ी में किसानों के साथ है। आंदोलन में अब तक 300 से ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं, पर सरकार के मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला। कुमारी शैलजा ने कहा कि देश के अन्नदाताओं को जब कानून मंजूर नहीं तो इसे जबरन उनपर थोपना सरासर ज्यादती है।

नहीं थी कांग्रेस शासन में मंहगाई

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में इतनी मंहगाई नहीं थी। वस्तुओं के दाम आम आदमी की पहंुच में थे। मगर भाजपा ने मंहगाई के सारे रिकॉर्ड तोड़कर रख दिए हैं। मंहगाई ने आम आदमी का जीना दुश्र्वार कर दिया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद यहां दाम कम नहीं किए जा रहे। रसोई गैस पर सब्सिडी चोरी छिपे खत्म कर दी गई है। आटा हो या दाल, मिर्च हो या मसाला, हर चीज के दाम में आग लगी हुई है। आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी का बंदोबस्त कर पाना मुश्किल हो गया है। कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा के कुशासन का अंत अब नजदीक आ गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पार्टी की जनहितैषी नीतियों को घर घर तक पहंुचाने का काम करें और अधिकाधिक लोगों को संगठन के साथ जोड़ें। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता होशियारी लाल शर्मा, पूर्व सांसद डा. सुशील इंदौरा, पूर्व ओएसडी डा. केवी सिंह, पूर्व सांसद स. चरणजीत सिंह रोडी, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, नवीन केडिया, कोर्डिनेटर डा. सुभाष जोधपुरिया, प्रवक्ता आनंद बियाणी, विनित कंबोज, ओमप्रकाश केहरवाला, मलकीत सिंह खोसा, प्रेम शर्मा, गोपीराम चाडीवाल, लादूराम पूनिया मौजूद रहे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.