रोहतक में गाड़ी धोने के विवाद में चले चाकू, तीन लोग घायल, नौ लोगों पर केस दर्ज
पीडि़त ने बताया कि वह अपने चाचा नरेंद्र के घर हुआ था। वहां पर गली में सिंहराम अपनी गाड़ी धो रहा था। जिसका पानी उसके चाचा नरेंद्र की भैंसों के नीचे आ रहा था। उसकी चाची सुमन ने सिंहराम को टोका तो सिंहराम ने झगड़ा शुरू कर दिया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : गुढाण गांव में गाड़ी धोनेे के दौरान हुई मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। झगड़े में चाकू लगने के कारण एक पक्ष के तीन लोग अस्पताल पहुंच गए। वहीं पीड़ित पक्ष के बयान पर नौ आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुढाण गांव निवासी दुष्यंत ने बताया कि वह अपने चाचा नरेंद्र के घर हुआ था। वहां पर गली में सिंहराम अपनी गाड़ी धो रहा था। जिसका पानी उसके चाचा नरेंद्र की भैंसों के नीचे आ रहा था। उसकी चाची सुमन ने सिंहराम को गाड़ी साइड में धोने को बोला तो सिंहराम ने झगड़ा शुरु कर दिया। झगड़ा सुनकर सिंहराम का बेटा मोहित, उसकी पत्नी, बेटी सोनिया, परिवार के वेदपाल, संतोष , सिलम, कृष्ण, बाला, सुमित आ गए। जिन्होंने उसकी चाची पर हमला कर दिया। फिर मोहित ने सोनिया से चाकू मंगवाकर उसकी चाची सुमन के पेट मे चाकू घोंप दिया और पीछे से सिंहराम ने सिर में चाकू घोंप दिया।
उसके बाद मोहित ने उस पर चाकू से वार किया, जो कि उसकी गाल व गर्दन को काटता हुआ निकल गया। उसका चाचा नरेन्द्र बाहर आया और मेरी चाची सुमन को संभालने लगा तो वेदपाल व उसकी पत्नी व कविता और कृष्ण ने मेरे चाचा को पकड़ लिया व सिंहराम और सुमित भी चाकू ले आए और दोनों ने उसके चाचा की छाती से नीचे चाकू घोंप दिए।
जिसके चलते उसके चाचा-चाची बेहोश होकर गिर गए। जिस पर परिचितों ने उन्हें पीजीआइ पहुंचाया। जहां पर उसके चाचा व चाची की हालत सही नहीं लगने पर वे एक निजी अस्पताल में ले गए। कलानौर थाना पुलिस ने पीड़ित दुष्यंत की शिकायत पर नौ आराेपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित की शिकायत पर नौ आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं दो घायलों के अभी बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। उनके बयान लिए जाने पर मामले में जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
रमेश कुमार, एसएचओ, कलानौर थाना।