घर में सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या कर लूट ले गए गहने और नकदी
परिवार के अन्य लोग पहुंचे तो सुबह महिला मृत हालत में मिली। महिला के कानों व नाक की बालियां निकाली हुई थी। घर की अलमारी भी टूटी हुई थी और सामान बिखरा हुआ पड़ा मिला।
भिवानी, जेएनएन। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भिवानी के गांव थिलोड में संतोष उम्र 58 साल की हत्या कर दी गई। वह अपने घर पर अकेली सोई हुई थी। परिवार के अन्य लोग पहुंचे तो सुबह मृत हालत में मिली। महिला के कानों व नाक की बालियां निकाली हुई थी। घर की अलमारी भी टूटी हुई थी और सामान बिखरा हुआ पड़ा मिला। अलमारी से 10/12 हजार रूपए नगद व आभूषण चोरी होने की आशंका परिजनों ने जताई है। पुलिस मौके पर पहुंची व डीएसपी हेडक्वार्टर भी मौके पर पहुंचे। मृतिका की पुत्र वधू व पोता दूसरे प्लाट में सोए हुए थे।
पुलिस ने बताया कि महिला के अकेले सोए होने की जानकारी शायद पहले से ही किसी को रही होगी। इसमें किसी करीबी का हाथ भी हो सकता है। वहीं किसी ने चोरी के इरादे से महिला की हत्या कर दी हो इस एंगल से भी जांच की जा रही है। महिला को आवाज देने पर जब वह नहीं बोली तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
करीब से देखने पर पता चला की महिला की मौत हो चुकी है। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला की मौत कैसे हुई है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आ सकेगा। महिला का बिसरा लेकर भेजा जाएगा जिससे सच सामने आ सके। महिला की हत्या लूट करने के बाद की गई या पहले की कर दी गई इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है तो वहीं फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं।
बता दें की हाल में ही रोहतक में भी एक बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी। इसका खुलासा जांच में हुआ था। इसी तरह के अन्य केस भी सामने आए थे। यह कत्ल किसने किया इसे लेकर जांच जारी है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है कि कहीं उनकी किसी से दुश्मनी तो नहीं थी।