इनेलो सुप्रीमो ओपी चौटाला ने कहा- सरकार की समय से पहले विदाई तय
इनेलो सुप्रीमो ने कितलाना टोल पर अनिश्चितकालीन धरने को समर्थन दिया। कहा कि इनेलो पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है। जहां और जैसी भी जरूरत होगी इनेलो का हर कार्यकर्ता किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ने को तैयार है।
भिवानी, जेएनएन। इनेलो सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला कितलाना टोल पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को समर्थन देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि तीनों काले कानून ने प्रदेश की 36 बिरादरी को एकजुट कर दिया है। सभी वर्ग मिलकर काले कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है। जहां और जैसी भी जरूरत होगी इनेलो का हर कार्यकर्ता किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव बेशक गिर गया हो लेकिन गठबंधन सरकार की समय से पहले विदाई तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होने तय हैं। जिसमें सत्ता के नशे में चूर भाजपा और जजपा को करारी शिकस्त मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो भाईचारे में आग लगाई थी अब उसे लोग समझ गए हैं और उनको गांव में घुसने के लाले पड़े हुए हैं।
किसान बोले, मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे पीछे
धरने के 81वें दिन प्रोफेसर राजेन्द्र डोहकी, कप्तान रामफल, मास्टर ओमप्रकाश कितलाना, बीरमति डोहकी, डा. मौजीराम, जिले सिंह, निहाल सिंह, ओमप्रकाश नम्बरदार चरखी, राजबाला ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार लाचार और बेबस समझने की गलती ना करे। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों को पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर इनेलो जिला अध्यक्ष दादरी विजय पंचगांव, ओमप्रकाश कड़वासरा, इनेलो जिला अध्यक्ष रवि महमिया बहलवाला, पूर्व चेयरमैन दिलबाग सिंह, सूबेदार सत्यवीर सिंह, राजेश झोझू, अनीता खान इत्यादि मौजूद थे।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें