पति ने कहा- पत्नी के हैं अवैध संबंध, जवाब में बोली- प्यार नहीं करता है जीवनसाथी
महिला हेल्प डेस्क पर पुरुष भी अपनी समस्या लेकर आ रहे हैं। कोई पत्नी के अवैध संबंधों से परेशान है तो कोई पत्नी की धमकी व झगड़े से।
हांसी [हिसार], जेएनएन। यूं तो महिला हेल्प डेस्क महिलाओं के अधिकारों की रक्षा व उन्हें न्याय दिलाने के लिए किया गया है, लेकिन यहां कई एेसे मामले में भी पहुंच रहे हैं जो चौकाने वाले हैं। दरअसल, महिला हेल्पलाइन में एेसे पुरुष भी पहुंच रहे जो किसी ने किसी कारण से अपनी पत्नी से परेशान हैं।
थाने में डेढ़ माह पूर्व खुली महिला हेल्पलाइन पर महिलाओं के खिलाफ ही घरेलू हिंसा की शिकायतें आनी शुरू हो गई हैं। कई पुरुषों ने पत्नी और ससुराल पक्ष के अत्याचार से बचने के लिए संरक्षण अधिकारी के समक्ष गुहार लगाई है। तीन मामलों में तो संरक्षण अधिकारी बबीता चौधरी ने दंपतियों की काउंसिलिंग भी शुरू कर दी है।
केस-1
पत्नी के हैं अवैध संबंध
शहर की एक कालोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी के किसी और व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। उसने पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं महिला ने कहा कि उसका पति आए दिन मारपीट करता है और प्रेम नहीं करता। महिला ने कहा कि उनकी शादी को कई साल हो गए, लेकिन उनके बीच भावनात्मक प्रेम जैसा कोई रिश्ता कायम नहीं हो पाया। संरक्षण अधिकारी ने कई दिनों तक पति-पत्नी की काउंसिलिंग की। इसके बाद भी दोनों में सुलह नहीं हो सकी। सहमति बनी कि दोनों अलग-अलग रहेंगे और एक दूसरे जीवन में हस्तक्षेप नहीं करेंगे।
केस-2
पत्नी को कुछ कहता हूं तो ससुराल में कर देती है शिकायत
नारनौंद उपमंडल के एक व्यक्ति ने पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दी। आरोप लगाया कि पत्नी उसके साथ झगड़ा करती है और जब वह कुछ कहता है तो पत्नी ससुराल में उसकी शिकायत कर देती है। इसके बाद उसकी सास और साले उसे धमकाते हैं। संरक्षण अधिकारी पति-पत्नी की काउंसिलिंग कर रही हैं।
केस-3
धमकाती है पत्नी
हांसी शहर के ही एक अन्य व्यक्ति ने पत्नी के खिलाफ संरक्षण अधिकारी को शिकायत दी है। पति ने कहा कि पत्नी उसे धमकाती है और उसकी कोई बात नहीं मानती। पीड़ित पति ने कहा कि कई बार ससुराल पक्ष के लोगों कहा तो वे भी अपनी बेटी की तरफदारी करते हैं।
पुरुषों की शिकायत के तीन मामले आए
जिला संरक्षण अधिकारी बबीता चौधरी का कहना है कि हेल्प डेस्क पर पुरुष भी शिकायतें लेकर आ रहे हैं। अभी तक 30 मामले आए हैं, जिनमें से 3 मामलों में पुरुषों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। मामलों में काउंसिलिंग की जाती है और अधिकतर में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो जाती है।