निगम का गड़बड़झाला, राशन टोकन सर्वे मामले में फर्जीवाड़ा डाल रहा पर्दा
पहली बार सरकार से प्राप्त हुए थे 1986 राशन टोकन। दूसरी बार 620 राशन टोकन बनकर आए ।
हिसार, जेएनएन। गरीब व जरुरतमंदों के राशन टोकन सर्वे मामले में हुए फर्जीवाड़े में पर्दा डालने का खेल शुरु हो गया है। मौजूदा समय में लिस्ट दुरुस्त करने के नाम पर निगम की स्वास्थ्य शाखा, इलेक्ट्रिकल शाखा, सीपीओ ब्रांच सहित कई शाखाओं के कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। यहां तक की सूत्रों की माने तो जिन लोगों के फैमली आईडी में आधार नंबर गलत है उसे भी दुरुस्त किया जा रहा है। यानि जांच और फील्ड सर्वे कम होगा यह कोई नहीं जानता फिलहाल मामले में निगम कार्यालय में बैठक ही लिस्ट को दुरुस्त करने का काम शुरु हो गया है। इसके अलावा अब बीएलओ के माध्यम से टेम्परेरी राशन टोकन बांटने का कार्य भी शुरु हो गया है।
शुरुआत में बांटे जाएंगे 1986 राशन टोकन
शहर के विभिन्न वार्डों में बीएलओ की टेम्परेरी राशन टोकन बांटने की ड्यूटी नगर निगम प्रशासन की ओर से लगाई गई है। जहां पूर्व में 1986 राशन टोकन बीएलओ के माध्यम से बंटवाए गए थे। मंगलवार को सरकार ने 620 टेम्परेरी राशन टोकन ओर जारी किये है। इन टोकन को बीएलओ अलग अलग वार्ड में जाकर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा रहे हैं। जिससे जरूरतमंद, गरीब व प्रवासी लोगों को राशन मिल सके। सीपीओ संदीप कुमार ने बताया कि टेम्परेरी राशन टोकन बांटने की जिम्मेदारी बीएलओ की लगाई गई है। बूथों के अनुसार बीएलओ वार्ड में जाकर राशन टोकन बांट रहे हैं। राशन टोकन प्राप्त करने वालो की हस्ताक्षर सहित सूची नगर निगम कार्यालय में जमा करवा रहे हैं। पूर्व में सरकार से 1986 टेम्परेरी राशन टोकन मिले थे और बीते दिन 620 राशन टोकन हमें सरकार से प्राप्त हुए है।
डिपो पर बीएलओ को बुलावा बांटे राशन टोकन
वार्ड 19 की पार्षद पिंकी शर्मा ने बताया कि सरकार से 100 राशन टोकन हमें प्राप्त हुए हैं। हमने राशन टोकन वाले सभी जरूरतमंद लोगों व बीएलओ को राशन डिपो पर ही बुला लिया। राशन टोकन देने के साथ ही जरूरतमंद लोगों को स्वयं अपनी देखरेख में राशन भी वितरण करवाया। ताकि कोई राशन टोकन वाला परिवार बिना राशन के न रहें। उन्होंने कहा कि टेम्परेरी राशन टोकन जरूरतमंद परिवारों के ही बनाए गए हैं। जिससे कोरोना संकट के समय में गरीब, जरूरतमंद और प्रवासी लोगों को भोजन की सुविधा मिल सके।
वार्ड 4 बीएलओ ने जरूरतमंद लोगों को बांटे टोकन
वार्ड 4 में बीएलओ दिनेश कुमार ने जरूरतमंद लोगों को सुबह सुबह राशन टोकन वितरित किये। दो दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी को ध्यान में रखते हुए बीएलओ और पार्षदों की ओर दोपहर 12 बजे से पहले राशन टोकन बांटने का काम किया जा रहा है। वार्ड 4 में बुधवार सुबह सुबह बीएलओ ने टेम्परेरी राशन टोकन बांटने का कार्य किया।
बीएलओ विभिन्न वार्डों में जाकर टेम्परेरी राशन टोकन का काम कर रहे है। पूर्व में 1986 राशन टोकन आए थे, मंगलवार को सरकार से 620 राशन टोकन प्राप्त हुए है। जिन्हें बीएलओ के माध्यम से बंटवाने का काम जारी हैं। रही बात लिस्ट को दुरुस्त करने की तो हमारा स्टाफ तो केवल बीएलओ के कार्य में उनका सहयोग कर रहा है।
- अमन ढांडा, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम हिसार।