बाल महोत्सव ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रतियोगिता में हिसार को तीसरा स्थान
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा कोविड-19 महामारी के चलते राज्यस्तरीय बाल महोत्सव 2020 का ऑनलाइन आयोजन करवाया गया था। परिषद द्वारा विभिन्न 23 प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। इसमें जिले 33 हजार 379 बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया।
जागरण संवाददाता, हिसार : जिला बाल कल्याण परिषद की प्रधान उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद चंडीगढ़ द्वारा आयोजित बाल महोत्सव-2020 की ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में जिला स्तर पर विजेता रहे बच्चों को बधाई दी। साथ ही उन्हें राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं में कामयाबी प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं भी दी।
जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा कोविड-19 महामारी के चलते राज्यस्तरीय बाल महोत्सव 2020 का ऑनलाइन आयोजन करवाया गया था। परिषद द्वारा विभिन्न 23 प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। इसमें जिले 33 हजार 379 बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया।
उन्होंने बताया कि इसमें लगभग 245 बच्चे जिला स्तर पर विजेता रहे। जिला स्तर पर विजेता रहे बच्चों की राशि उनके बैंक खातों में सीधी भेजी जाएगी। जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि परिणाम संबंधित अधिक जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं या किसी भी कार्यदिवस में बाल भवन के कार्यालय में आकर पता कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी विजेता बच्चों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर इनके द्वारा भेजी गई वीडियो क्लिप व फोटो ही राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं में शामिल की जाएंगी। इनके आधार पर ही राज्य स्तर पर परिणाम निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसी प्रतियोगिताओं में हमेशा भाग लेना चाहिए। इससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास होता है। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद चंडीगढ़ द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा राज्य स्तरीय विजेता बच्चों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।