नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए पूरे दस्तावेज जमा नहीं करवाने वालों के फाइल नंबर हिसार निगम ने किए चस्पा
पार्षद से लेकर आमजन तक एनडीसी के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। कई के तो चक्कर लगाने के बावजूद भी समाधान नहीं हो पा रहे है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों से बहस भी होती है।
हिसार, जेएनएन। अपनी प्रॉपर्टियों के नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) प्राप्त करने के लिए हिसार शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्षद से लेकर आमजन तक एनडीसी के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे है। कई के तो चक्कर लगाने के बावजूद भी समाधान नहीं हो पा रहे है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कई लोगों की कर्मचारियों से बहस भी हो जाती है।
ऐसी स्थिति के समाधान के लिए अब नगर निगम प्रशासन ने गृहकर शाखा के सामने एनडीसी की उन फाइलों के नंबर चस्पा कर दिया है जिन लोगों की फाइल में किसी न किसी प्रकार की खामियां है। निगम ने उनके नंबर दीवार पर चस्पा कर उन लोगों से अपने दस्तावेज पूरे करने के संबंध में आग्रह किया है ताकि समय पर उनकी एनडीसी जारी हो सके।
तहसील में रजिस्ट्री के लिए निगम की एनओसी अनिवार्य होने पर निगम में बढ़ी भीड
प्रदेश सरकार ने रजिस्ट्रियों में घालमेल पाए जाने पर नगर निगम से एनडीसी अनिवार्य कर दी है। ऐसे में एनडीसी के लिए अब नगर निगम में लोगों की संख्या में बढ़ौतरी हो रही है। बढ़ौतरी के साथ ही एनडीसी के चलते विवाद व लेटलतीफी के मामले भी बढ़ रहे है। हालात तो यहां तक पैदा हो गए है कि सत्ता पक्ष यानी भाजपा नेताओं से लेकर पार्षदों को निगम के चक्कर काटने पड़ रहे है। अफसरों से जल्द एनओसी जारी करवाने के लिए आग्रह करना पड़ा रहा है। वहीं कई आमजन कई बार चक्कर काटने के बावजूद भी एनओसी पाने से वंचित है।
गृहकर शाखा के सामने सैंकड़ों फाइलों के नंबर चस्पा
नगर निगम ने गृहकर शाखा के सामने कई जानकारी चस्पा की है। इसमें एनडीसी के दस्तावेजों में खामियां वाले प्रॉपर्टी मालिकों की फाइल नंबर से लेकर गृहकर से संबंधित समस्याओं की भी कई फाइल नंबर चस्पा किए गए है। साथ ही लोगों से आग्रह भी किया गया है कि गृहकर रिकार्ड में अपडेट चैक करने के लिए शहरवासी यूएलबी हरियाणा की साइट पर क्लिक कर जानकारी जुटा सकते है। लोगों को अपनी फाइल का स्टेट्स के संंबंध में जानकारी देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने यह रिकार्ड दीवार पर चस्पा किया है। जिसे देखने के लिए लोगों की संख्या में बढ़ौतरी हो रही है।
------एनडीसी के संबंध में लोगों का कार्य सुचारु रुप से जारी है। इस संबंध में निगम एक्सइएन की ड्यूटी लगाई हुई है जो एनडीसी फाइलों पर कार्य कर रहे है। किसी को कोई समस्या है तो वे निगम कार्यालय से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते है। इसके अलावा कई फाइल के संबंध में जानकारी दीवार पर भी चस्पा की हुई है।
अमन ढांडा, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम हिसार।