एवरेस्ट के शिखर पर 24 घंटे रुक नया रिकॉर्ड बनाएगा हिसार का रोहताश, फतह भी कर चुका
कपिल शर्मा शो में छा चुके रोहताश को कपिल शर्मा ने मिशन के लिए दी शुभकामनाएं अब तक नेपाल के बाबुश्री शेरपा के नाम ही माउंट एवरेस्ट पर 21 घंटे रुकने का रिकॉर्ड।
हिसार, जेएनएन। माउंट एवरेस्ट फतह कर चुके हिसार के गांव मलापुर निवासी रोहताश खिलेरी अब नया रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। वे अप्रैल 2020 में माउंट एवरेस्ट के शिखर पर लगातार 24 घंटे रुककर एक नया इतिहास बनाएंगे। अभी तक केवल नेपाल के बाबुश्री शेरपा के नाम ही माउंट एवरेस्ट पर 21 घंटे रुकने का रिकॉर्ड है। हाल ही में कपिल शर्मा शो के हिस्सा बने पर्वतारोही रोहताश ने यहां पत्रकारों से अपने अगले मिशन पर खुलकर चर्चा की।
शहर के करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित गांव मलापुर के किसान सुभाषचंद्र के बड़े बेटे रोहताश खिलेरी ने 16 मई 2018 को माउंट एवरेस्ट फतह किया था। फिलहाल वे सेवन समिट के मिशन पर हैं, जिनमें से वे अभी तक एशिया के माउंट एवरेस्ट, अफ्रीका के माउंट किलीमंजारो और यूरोप महाद्वीप के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एलब्रुश को फतह कर चुके हैं। रोहताश ने बताया कि वे पर्वतारोहण के क्षेत्र में कुछ अलग करना चाहते हैं।
इसी कड़ी में वे माउंट एवरेस्ट के शिखर पर 24 घंटे रहकर नया रिकॉर्ड बनाएंगे। रोहताश बताते हैं कि 19 वर्ष पहले नेपाल के बाबुश्री शेरपा ने ही 1999 में माउंट एवरेस्ट के शिखर पर रुककर वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया था, जिसके बाद दो विदेशी लोगों ने इस रिकॉर्ड को तोडऩे की कोशिश की, लेकिन दोनों की मौत हो गई।
काफी मुश्किल है एवरेस्ट पर 24 घंटे बिताना
माउंट एवरेस्ट पर लगातार 24 घंटे रहना मुश्किल भरा होगा, क्योंकि वहां का तापमान माइनस 50 स 60 डिग्री होता है। इसके अलावा हवा की गति भी अधिक होती है। इस कारण वहां पर टेंट लगाना या रुकना बहुत ही मुश्किल होता है। इतनी ऊंचाई पर पूरी आक्सीजन भी नहीं मिल पाती। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य काफी चैलेंज से भरा है, लेकिन वे चाहते हैं कि तिरंगा लगातार 24 घंटे तक माउंट एवरेस्ट पर लहराए। इसके लिए वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। रोहताश बताते हैं कि वे हर रोज 15 किग्रा वजन के साथ लगभग दस किलोमीटर की रेस लगा रहे हैं। वहीं फेफड़ों की क्षमता को बढ़ाने के लिए दो से तीन घंटे तक तैराकी व हर रोज सुबह तीन घंटे योगा और मेडिटेशन कर रहे हैं। रोहताश ने अपनी अब तक की सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं भारतीय सेना के कमांडो अशोक शुक्ल, इंटरनेशनल स्किंग प्लेयर विकास राणा और कोर फिटनेस जिम के डायरेक्टर अमन वर्मा, मैनेजर श्रीकांत गोर को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनकी हौसला अफजाई की और उन्हें इस मुश्किल रास्ते को फतेह करने का हौसला दिया।
कपिल शर्मा ने दी शुभकामनाएं
पर्वतारोहण में विशेष उपलब्धियों व जुनून को देखते हुए रोहताश खिलेरी को अभी हाल ही में द कपिल शर्मा शो में विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। शो को होस्ट कर रहे कामेडियन कपिल शर्मा व क्रिकेटर हरभजन ङ्क्षसह व उनकी पत्नी गीता बसरा और शो की जज अर्चना पूर्णसिंह ने उनके साथ अनुभव साझा किए। उनका यह शो 3 नवंबर रविवार को ही टेलीकॉस्ट हुआ है। इस शो में रोहताश ने अपने संघर्ष व उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए देश के समक्ष अपना विजन पेश किया। कपिल शर्मा व अन्य अतिथियों ने रोहताश की उपलब्धियों की जमकर सराहना की और उनके अगले मिशन के लिए शुभकामनाएं दी।