दिन में गर्मी और रात को सर्दी, 20 फरवरी से तीन दिन बारिश के आसार
मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि खुश्क हवाओं के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा में 19 फरवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने बीच बीच में हल्के बादल छाएंगे
हिसार, जेएनएन। प्रदेशभर में लंबी सर्दी रहने के बाद अब गर्मी तेजी से अपने पांव पसार रही है। मौसम लोगों को दिन में गर्मी का अनुभव करा रहा है तो सुबह और रात को सर्दी महसूस हो रही है। सोमवार को हिसार का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस तापमान अधिक है तो रात्रि में सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस तापमान कम है। वहीं मौसम विभाग ने 20 फरवरी के बाद बारिश की संभावना जताई है। उधर, इस बदलते मौसम में सर्दी, जुकाम, बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में भी लोग आ सकते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लोगों को इस मौसम में सतर्कता बरतने के विशेष निर्देश दे रहा है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि खुश्क हवाओं के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा में 19 फरवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने, बीच बीच में हल्के बादल छाने की संभावना है। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। 20 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण बादलवाई व कहीं कहीं बूंदाबांदी संभावित है।
बता दें कि तेज धूप के कारण फसलें जल्दी पकने की ओर है, गेहूं की फसल तो अभी छोटी पर सरसों की फसल में फूल गिरने लगे हैं। वहीं फसलों में पानी की मांग भी ज्यादा बढ़ गई है। हालांकि एक सप्ताह पहले ही ठंड ज्यादा थी और माना जा रहा था कि फरवरी के आखिर तक सर्दी रहेगी। मगर एक सप्ताह से मौसम ने करवट बदली और धूप के कारण दिन में इतनी गर्मी हो जाती है कि लोगों ने गर्म वस्त्रों से भी किनारा कर लिया है। अब 20, 21 और 22 फरवरी को बारिश की संभावना है। इससे एक बार फिर सर्दी बढ़ सकती है।