फतेहाबाद में धुंध ने वाहनों की रफ्तार पर लगाई लगाम, 50 मीटर रही दृश्यता, जानें अगले दिनों का मौसम
फतेहाबाद में सुबह के अधिक कोहरे के कारण 150 मीटर तक दृश्यता थी। ऐसे में सड़कों पर वाहन रेंगते हुए निकले। धुंध होने के कारण बसों की गति कम होने के साथ ही देरी से बसें अपने निर्धारित समय पर पहुंची।
फतेहाबाद, जागरण संवाददाता। फतेहाबाद में सोमवार को दिनभर बादल छाए हुए थे। लेकिन देर शाम को जैसे ही मौसम साफ हुआ तो धुंध भी छाने शुरू हो गई। रात 10 बजे इतनी अधिक धुंध थी कि 50 मीटर से कम दृश्यता रही। मंगलवार सुबह भी यही हाल रहा। लेकिन धुंध छाने के साथ अनुमान लग रहा था कि धूप निकलेगी। यह देखने को भी मिला। 15 दिन बाद दो घंटे के लिए धूप निकली। वहीं दोपहर बाद फिर हल्के बादल छा गए। दोपहर 1 बजे धूप निकली थी और 3 बजे फिर सूर्यदेव ओझल हो गया। जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई।
वाहनों की रफ्तार हुई धीमी
सुबह के समय 150 मीटर तक दृश्यता थी। ऐसे में सड़कों पर वाहन रेंगते हुए निकले। धुंध होने के कारण बसों की गति कम होने के साथ ही देरी से बसें अपने निर्धारित समय पर पहुंची। सोमवार को अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ऐसा रहेगा आगामी मौसम
मौसम विशेषज्ञों की माने तो आने वाले कुछ दिनों में धुंध का असर ऐसा ही रहेगा। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण ठंड रहेगी। 29 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहेगा। ऐसे में किसान फसलों में सिंचाई भी कर सकते है। जिससे फसलों को अधिक फायदा होगा। साथ ही पिछले दिनों से बारिश हो रही थी तो जमीन में नमी है, इसलिए फसलों को दिए जाने के लिए पानी भी लगेगा।
धुंध में इस बातों का रखें ध्यान
- धुंध में वाहन चलाते समय ये रखे सावधानियां।
- धुंध में वाहन चलाते समय सफेद पट्टी का ध्यान रखे।
- वाहनों को एक दूसरे के पीछे चलाए।
- वाहन चलाते समय एंडीकेटर का प्रयोग करे।
- वाहन चलाते समय फाग लाइट का प्रयोग करे।
- वाहन को तेज गति में न चलाए
मौसम रहेगी शुष्क
सुबह के समय धुंध रही। कुछ समय के लिए धूप निकली है। आगामी दिनों में अच्छी धूप निकलने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
-----डा. मदन लाल खिचड़, वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ फतेहाबाद।