Haryana Weather Update: हरियाणा में तेज हवाओं से बदला मौसम, कल से फिर बढ़ने लगेगा तापमान
राज्य में मौसम आमतौर पर 23 अप्रैल तक परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है इस दौरान बीच बीच में आंशिक बादल हवाएं चलने व कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी संभावित तथा इसके बाद 24 अप्रैल से मौसम साफ व खुश्क रहने की संभावना है।
हिसार,जेएनएन। अप्रैल महीने में जहां इन दिनों गर्मी बहुत बढ़ जाती थी। इस बार ऐसा नहीं है। जैसे ही गर्मी बढ़ती है मौसम करवट बदल लेता है। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मंगलवार को हुई बारिश ने तापमान को कम करने का काम किया है। दिन में हालांकि धूप तेज होती है मगर सुबह और शाम के वक्त मौसम बेहद सामान्य बना हुआ है। शुक्रवार सुबह ही तेज हवाएं काफी देर तक चली। वहीं बहादुरगढ़ और रोहतक में ओलावृष्टि के साथ बारिश भी हुई।
अब आगे मौसम विज्ञानी बता रहे हैं शुक्रवार तक इसी प्रकार का ठंडा मौसम रहने की संभावना है। वीरवार को हिसार में दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री घटकर 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं रात्रि तापमान में सर्वाधिक गिरावट हुई है। रात्रि तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस की कम होकर 14.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वहीं शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम बना रहा। बल्कि सुबह के वक्त तो बादल छाए रहे।
गिरते तापमान पर क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 20 अप्रैल को उत्तरी व पश्चिमी क्षेत्रों में ज्यादातर स्थानों पर धुल भरी तेज हवाएं व गरज चमक के साथ बूंदाबांदी व हल्की बारिश हुई। पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव 23 अप्रैल तक बने रहने की संभावना है जिससे राज्य में मौसम आमतौर पर 23 अप्रैल तक परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है इस दौरान बीच बीच में आंशिक बादल , हवाएं चलने व कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी संभावित तथा इसके बाद 24 अप्रैल से मौसम साफ व खुश्क रहने की संभावना है।
- फसलों की कटाई व कढाई करते समय अगले दो दिन बदलते मौसम का ध्यान अवश्य रखें।
- गेहूं कढाई के बाद तूड़ी व भूसे को अवश्य ढ़कें।
- गेहूं को मंडी ले जाते समय तिरपाल आदि अवश्य साथ रखें।
- नरमा की बिजाई करते समय बदलते मौसम का ध्यान अवश्य रखें।