सुप्रिया मामले में हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जागरण संवाददाता हिसार हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की एक विशेष बैठक वीरवार को चंडी
जागरण संवाददाता, हिसार : हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की एक विशेष बैठक वीरवार को चंडीगढ़ में संरक्षक तेलू राम रामायण वाला की अध्यक्षता में की गई। बैठक में हरियाणा के सभी कार्यकारिणी सदस्यों और जिला प्रधानों ने भाग लिया। बैठक के दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा की जा रही अनियमितताओं के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा परिणाम बनाते समय बहुत से गरीब बच्चों के साथ अन्याय किया है। इसका उदाहरण अखबारों की सुर्खियों में रहा, जिसमें हिसार के गांव चौधरीवास की छात्रा सुप्रिया के गणित में 2 अंक दिए गए थे, लेकिन बाद में री-चेकिग के बाद उस छात्रा के अंक 100 में से 100 हो गए।
हरियाणा शिक्षा बोर्ड से संबंधित ऐसे हजारों बच्चे हैं, जो गरीबी और मानसिक तनाव के कारण री-चेकिग का फॉर्म भरने से वंचित रह गए और अब गरीबी और कोरोना महामारी के कारण उनके पास पछतावे के अलावा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी गलती किसी प्राइवेट स्कूल संचालक से होती तो बोर्ड उस पर भारी भरकम जुर्माना लगा देता। बोर्ड चेयरमैन ने इसी तरह बहुत से स्कूलों पर दबाव बनाने के लिए गलत ढंग से जुर्माना लगाया है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर स्कूलों पर लगाए गए इस तरह के अव्यवहारिक व गलत जुर्माने को वापस नहीं किया गया तो हरियाणा के प्राइवेट स्कूल इसका कड़ा विरोध करेंगे। हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की कार्यकारिणी ने हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी से मांग की कि भविष्य में ऐसी गलती ना दोहराए और ऐसी गलती करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और जुर्माना भी लगाया जाए। इसके साथ ही उस छात्रा को जो मानसिक प्रताड़ना हुई है, उसके लिए उसे मुआवजा दिया जाए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष रामकुमार भाकर फतेहाबाद, संजय धतरवाल हिसार, श्याम लाल शर्मा कैथल, रविद्र अत्री ढंढेरी, सौरभ कपूर, महासचिव राजेन्द्र दादरी, उमेश भारद्वाज बवानी खेड़ा, घनश्याम शर्मा भिवानी, जगदीश सांगवान दादरी, सुरेश पंगाल, विजेंदर रावत महेंद्रगढ़, प्रदीप सिधु करनाल, अशोक कुमार रोहतक, रमेश पंचकूला, हरीश शर्मा यमुनानगर, भूपेंद्र सिंह चीका, तरसेम गिल, सुभाष गिल, अनु शर्मा, विनय वर्मा, पुष्पा अंबाला सहित विभिन्न जिलों से पदाधिकारी उपस्थित थे।