कहीं शादी तो कहीं ब्लैकमेल की नीयत से दर्ज हो रहे दुष्कर्म के झूठे केस, जांच में उलझ रही हरियाणा पुलिस
आप भी जानकर हैरान होंगे कि दुष्कर्म के अधिकतर मामले जांच के बाद या ताे फर्जी निकल रहे हैं या फिर शिकायतकर्ता ही बयान से मुकर रही है। पिछले साल महिला थाने में दुष्कर्म के 30 केस दर्ज कराए गए लेकिन 18 केसों को कैंसिल करना पड़ा।
विनीत तोमर, रोहतक : दुष्कर्म, छेड़छाड़ और पाक्सो एक्ट जैसे मामलों को बेहद संगीन माना जाता है। इस तरह के मामलों की शिकायत मिलने पर पुलिस भी तत्काल केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर देती है, लेकिन आप भी जानकर हैरान होंगे कि इस तरह के अधिकतर मामले जांच के बाद या ताे फर्जी निकल रहे हैं या फिर शिकायतकर्ता ही बयान से मुकर रही है। पिछले साल महिला थाने में दर्ज हुए मामलों पर नजर डालें तो दुष्कर्म के 30 केस दर्ज कराए गए, लेकिन कई-कई माह तक चली जांच के बाद आखिर में 18 केसों को कैंसिल करना पड़ा। कई मामले तो ऐसे भी रहे जिसमें पुलिस को जांच के लिए आसपास के प्रदेशों में भी जाना पड़ा, लेकिन जांच के बाद मामला पूरा मामला ही पलट जाता है। ऐसे में इस तरह के संगीन केसों को दर्ज कराकर बिना वजह पुलिस का समय बर्बाद किया जा रहा है।
कुछ ऐसा है 2021 का आंकड़ा
- दुष्कर्म : दुष्कर्म के 30 मामले दर्ज हुए। इसमें तीन मामलों की जांच कर कोर्ट में सबमिट कर दिए गए, जबकि 18 मामले कैंसिल हुए और तीन मामले अभी लंबित है। छह मामले ऐसे भी आए जो दूसरे जिलों से यहां पर आए। 30 में से 18 केस कैंसिल होना बड़ा आंकड़ा है।
- पाक्सो एक्ट : पाक्सो एक्ट के कुल 14 मामले दर्ज किए गए, जिसमें चार केस कैंसिल करने पड़े।
- छेड़छाड़ : वर्ष भर में छेड़छाड़ के 16 केस दर्ज हुए, जिसमें दो कैंसिल हुए।
- दुष्कर्म का प्रयास : इसी तरह दुष्कर्म के प्रयास के तीन मामले दर्ज कराए गए। जिनकी जांच अभी चल रही है।
केस : 1
रुपए ऐंठने के लिए करा दिया था केस दर्ज
हिसार के हांसी की रहने वाली एक युवती ने पास के ही एक गांव के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए महिला थाने में केस दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि आरोपित उसे रोहतक के होटल में लाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले की करीब दो माह तक चली। जिसमें पुलिस को कभी जींद तो कभी हिसार के चक्कर काटने पड़े। आखिर में पता चला कि जिस युवती ने केस दर्ज कराया था वह पहले भी दो अन्य युवकों पर ब्लैकमेल करने की नीयत से इस तरह के केेस करा चुकी है। सच्चाई सामने आने के बाद पिछले माह पुलिस ने केस को कैंसिल कर दिया।
केस : 2
युवक पर शादी का दबाव डालने के लिए दी थी दुष्कर्म की शिकायत
जिले के एक गांव की युवती ने भिवानी के युवक पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए महिला थाने में केस दर्ज कराया था। आरोप था कि युवक ने उसे होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। सीसीटीवी फुटेज भी निकाली गई। इससे पहले कि पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजती वह युवती उसी युवक के साथ शादी कर थाने पहुंच गई। बाद में पता चला कि युवती ने शादी का दबाव बनाने के लिए इस तरह का झूठा केस दर्ज कराया था।
पिछले कुछ समय में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट समेत ऐसे कई चर्चित मामले आए, जिन्हें जांच के बाद कैंसिल करना पड़ा। हालांकि इन्हें कैंसिल करने की अलग-अलग वजह रही। कोई गलत मंशा के साथ दर्ज कराया गया था तो किसी में शिकायतकर्ता ही बयान से मुकर गई। ऐसे में आम जन से अपील है कि इस तरह के झूठे केस दर्ज ना कराए। इससे बिना वजह पुलिस का समय बर्बाद होता है। इस तरह झूठे केस दर्ज कराने वालों पर अब कार्रवाई भी की जाएगी।
- सुशीला, डीएसपी रोहतक