कमजोर हो रहीं हरियाणा के लोगों की हड्डियां, यूपी और दिल्ली वालों की और भी ज्यादा
हरियाणा के 60 फीसद और यूपी-दिल्ली के 73 फीसद लोगों की हड्डियां कमजोर। पिछले दो साल में हरियाणा के 22 हजार तो यूपी-दिल्ली के 3642 मरीजों ने पीजीआइ पहुंचकर कराया है उपचार
रोहतक [पुनीत शर्मा] जो प्रदेश दूध दही के खाने को लेकर प्रचलित है। वहां के लोगों की हड्डियां कमजाेर हो रही है। वहीं यूपी और दिल्ली के लोग भी पीछे नहीं है। बदलते खानपान का असर हमारे शरीर पर भी दिखने लगा है। पीजीआइ में बीते दो साल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों की जांच में पता चला है कि हरियाणा, उत्तरप्रदेश और दिल्ली के लोगों की हड्डियां कमजोर हो रही हैं।
इनमें हरियाणा के 60 फीसद और उत्तर प्रदेश व दिल्ली के 73 फीसद मरीजों की हड्डियां कमजोर पाई गई हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार दिल्ली के लोगों का खानपान व रहन-सहन का तरीका और यूपी के लोगों में जागरूकता की कमी के कारण उनकी हड्डियां अधिक कमजोर हैं।
प्रदेश के एकमात्र पीजीआइ में प्रतिदिन 15 हजार से अधिक मरीज अपना उपचार कराने के लिए पहुंचते हैं। यहां न केवल हरियाणा बल्कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब के मरीज भी यहां आते हैं। इनमें से करीब 500 मरीज प्रतिदिन हड्डियों से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए पहुंचते हैं। पीजीआइ से मिले आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में हरियाणा से 22 हजार और 3642 मरीज यूपी व दिल्ली से पहुंचे थे।
वहीं 1000 मरीज अन्य प्रदेशों से संबंधित थे। इन मरीजों के उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि हरियाणा के करीब 60 फीसद मरीजों की हड्डियां कमजोर हैं, जबकि यूपी और दिल्ली के 73 फीसद (2668) से अधिक मरीजों की हड्डियां कमजोर पाई गई हैं।
दिल्ली में पोषित आहार तो यूपी में जागरूकता की कमी
दिल्ली से पहुंचे मरीजों में से अधिकतर ने बताया कि वह आसपास के जिलों से दिल्ली में आकर नौकरी कर रहे हैं। इस दौरान वह होटल, ठेली-खोंमचे आदि पर खाना खाते हैं। ऐसे में खाने में आयरन, कैल्शियम, विटामिन की कमी के कारण उनकी हड्डियों को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल पाती है।
वहीं दिल्ली में अधिकतर लोग अपने कमरे में आराम फरमाते हैं। वहीं यूपी के लोगों में जागरूकता की कमी पाई गई। बड़ी संख्या में लोग पोषित खान-पान से दूर पाए गए। इस कारण उनको हड्डियों से संबंधित परेशानी हो रही है।
--व्यायाम नहीं करने, पोषित खाना न मिलने और जंक फूड के अधिक सेवन के कारण लोगों की हड्डियां कमजोर हो रहीं हैं। अन्य राज्यों से जांच कराने पहुंचे मरीजों में यह समस्या अधिक देखी गई है। मरीजों को बेहतर खान-पान और व्यायाम करने की सलाह दी गई है।
डा. प्रदीप, हड्डी रोग विशेषज्ञ।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप