हरियाणा पूर्व सीएम ओपी चौटाला बोले- राज बना दयो, फेर थ्हारी सारी कसर काढ़ दयूंगा
इनेलो सुप्रीमो चौ. ओम प्रकाश चौटाला लंबे समय के बाद बुधवार को सार्वजनिक रूप से राजनैतिक मंच पर दिखाई दिये। सिरसा की अनाजमंडी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ने कहा राज बना दयो फेर थ्हारी सारी कसर काढ़ दयूंगा।
जागरण संवाददाता, सिरसा। इनेलो सुप्रीमो चौ. ओम प्रकाश चौटाला लंबे अंतराल के बाद बुधवार को सार्वजनिक रूप से राजनैतिक मंच पर दिखाई दिये। सिरसा की अनाजमंडी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहाकि राज बना दयो, फेर थ्हारी सारी कसर काढ़ दयूंगा। चौटाला ने कहा कि 3206 युवाओं को नौकरी देने के लिए कांग्रेस ने योजनाबद्ध तरीके से साजिश के तहत उन्हें जेल पहुंचाया। सरकार के फैसले को मानते हुए दस साल जेल में बिताए। विपक्षी दल कहते थे कि चौटाला जेल चला गया है, इनेलो समाप्त हो जाएगी। लेकिन कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने उनकी गैर हाजिरी में भी संगठन को मजबूत बनाए रखा।
इनेलो का कोई मुकाबला नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अबकी बार सरकार बनने के बाद हर पढ़े लिखे युवक को उसकी योग्यता के अनुसार नौकरी देंगे, चाहे उसके बाद मुझे फांसी पर ही क्यों न टंगना पड़े। उन्होंने कहा कि विपक्षी भी मानते हैं कि संख्यात्मक दृष्टि से इनेलो का कोई मुकाबला नहीं। आने वाले विधानसभा चुनाव में इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि आवाज ए खलक, नगाड़ा ए खुदा। परिस्थितियां आपके अनुकुल है और आने वाला समय आपका है। उन्हाेंने कहा कि सिरसा से उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम शुरू किया है। जींद में 25 सितंबर को चौ. देवीलाल की जयंती पर रैली होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोगों को पार्टी से जोड़े। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में सरकार लोगों के द्वार जाती थी, उन्हें मांगपत्र देने की जरूरत नहीं होती थी, उनके काम होते थे।
अनाज मंडी में इनेलो की जनसभा में उपस्थित लोग
मौजूदा सरकार लुटेरी सरकार
मौजूदा सरकार लुटेरी सरकार है। चौटाला ने कहा कि 2005 में जब हमने सत्ता छोड़ी थी, उस समय सरकार के खजाने में दो हजार करोड़ रुपये नकद थे, आज प्रदेश पर दो लाख करोड़ का कर्जा है। जो भी बच्चा पैदा होता है उस पर एक लाख रुपये का कर्जा है। कर्मचारियों का वेतन देने के लिए भी सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है। चौटाला ने कहा कि जल्द मध्यावधि चुनाव होंगे। छह महीने में उपचुनाव करवाना होता है लेकिन ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर सरकार डरी हुई है। ऐलनाबाद उपचुनाव के बाद सरकार के विधायक भाग जाएंगे। इस मौके पर इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, कर्ण चौटाला, पूर्व मंत्री भागीराम, पूर्व विधायक सीताराम सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।