हरियाणा डीएलएड परीक्षा, हिंदी व अंग्रेजी में गणित का सवाल अलग-अलग होने से विद्यार्थी चिंतित
हरियाणा में डीएलएड द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं चल रही है। द्वितीय वर्ष के गणित के पेपर में हिंदी व अंग्रेजी में सवाल अलग-अलग आ गया जिससे विद्यार्थी चिंतित है। अंग्रेजी मीडियम में जहां लड़कियों का अनुपात 35 दिया गया है तो वहीं हिंदी मीडियम में अनुपात 53 दिया है।
दीपक शर्मा, झज्जर। डीएलएड द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं चल रही है। बुधवार को डीएलएड द्वितीय वर्ष के गणित शिक्षा की प्रवीणता और शिक्षा शास्त्र की परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के दौरान जिन विद्यार्थियों के सामने समस्या खड़ी हो गई, जिनका कोड बी था। कोड बी वाले विद्यार्थियों ने जब अपने 11 नंबर का सवाल देखा तो वे अंग्रेजी व हिंदी माध्यम का सवाल पढ़कर चिंतित नजर आए। सवाल को हल करने के लिए दिए गए अनुपात में अंतर था। जिस कारण उन्होंने परीक्षा केंद्र पर मौजूद स्टाफ से भी सलाह की, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं हुआ। परीक्षार्थियों को पांच अंक का सवाल गलत होता दिखाई दे रहा था।
गणित के पेपर में आई दिक्कत
दरअसल, प्रश्न पत्र में प्रकाशित डीएलएड परीक्षा के कोड बी में आए 11 नंबर सवाल में कहा गया था कि एक परीक्षा में 45000 छात्रों में से 60 फीसद पास हुए। फेल होने वाले लड़कों और लड़कियों का अनुपात 5:3 (हिंदी माध्यम में) हो तो कितने लड़के और कितनी लड़कियां फेल हुई। वहीं अंग्रेजी माध्यम की बात करें तो फेल होने वाले लड़कों व लड़कियों का अनुपात 3:5 दिया हुआ था। जिस कारण विद्यार्थी भी इस सवाल को पढ़ने के बाद में चिंतित नजर आए। दोनों अनुपातों को आपस में बदला हुआ था। जिस कारण दोनों माध्यम के अनुपात का उत्तर भी अलग-अलग ही आ रहा था। ऐसे में विद्यार्थियों के सामने यह समस्या रही कि वे किस अनुपात से इस प्रश्न को हल करें। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सेंटर सुपरवाइजर व सेंटर क्लर्क कुलदीप गुरान ने बताया कि उनके समक्ष विद्यार्थियों ने यह समस्या रखी थी। जिसके बाद उन्होंने इस समस्या से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करवा दिया।
पांच अंक का था सवाल
परीक्षा देने के लिए पहुंचे विद्यार्थी बिहार के जिला सीतामढ़ी निवासी संजय कुमार ने बताया कि उसका डीएलएड परीक्षा में कोड बी था। परीक्षा की अच्छी तैयारी करके आया था। लेकिन जब 11 नंबर प्रश्न के अंग्रेजी व हिंदी माध्यम पढ़े तो सवाल में दी गई मद अलग-अलग थी। जिस कारण सवाल हल करने में भी परेशानी रही। सवाल भी पांच अंक का था, इसलिए सवाल को छोड़ भी नहीं सकते थे। सेंटर पर मौजूद अधिकारियों से पूछा तो वे भी इसका कोई जवाब नहीं दे पाए। बी कोड वाले सभी विद्यार्थियों के सामने यह समस्या आई। विद्यार्थियों का कहना था कि परीक्षा में एक-एक अंक जरूरी होता है। ऐसे में पांच अंक के सवाल में इस तरह की गलती से परेशानी खड़ी हो जाती है। इसे हल करने से पहले तो समझने में अधिक समय लगा।
विद्यार्थी जिस अनुपात में सवाल हल करेंगे वो सही
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. जगबीर सिंह ने कहा कि सवाल में अनुपात गलत होने की सूचना मिली थी। दोनों अनुपातों को ही सही माना जाएगा। विद्यार्थी जिस भी अनुपात से सवाल को हल करेगा उसके सवाल को उसी अनुपात के अनुसार जांचा जाएगा। विद्यार्थियों को चिंतित होने की जरूरत नहीं हैं।