HBSE 12th Result: हरियाणा बोर्ड ने जारी किया 12वीं का नतीजा, 2 लाख 21 हजार 263 विद्यार्थी पास
हरियाणा बोर्ड 12वीं का नतीजा 3 बजे के बाद जारी करेगा। बोर्ड की वेबसाइट पर विद्यार्थी नतीजे देख सकते हैं। 10 का नतीजा 100 फीसद रहा था। उम्मीद है कि 12वीं में भी सभी विद्यार्थी बिना परीक्षा लिए ही पास कर दिए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। सभी विद्यार्थियों को पास कर दिया गया है। परिणाम काे बोर्ड की अधिकारी वेबसाइट www.bseh.org.in पर देखा जा सकता है। 12वीं के 2 लाख 27 हजार 585 विद्यार्थियों में से दाे लाख 21 हजार 263 नियमित विद्यार्थियों का परिणाम जारी हुआ है। इनमें एक लाख 14 हजार 416 लड़के और एक लाख छह हजार 847 लड़कियां शामिल हैं।
शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों से आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपडेट करने की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली थी। विद्यार्थी इसे वेबसाइट पर अपना रोल नंबर, माता पिता का नाम या जन्मतिथि के आधार पर देख सकते हैं। 10वीं कक्षा का परिणाम सौ फीसदी रहा था। उम्मीद की जा रही थी कि 12वीं का परिणाम भी सौ फीसद ही रहेगा। 12वीं में भी बिना परीक्षा दिए सभी विद्यार्थी पास कर दिए गए हैं।
30:10:60 का फॉर्मूला लागू किया
परीक्षा परिणाम के लिए 30:10: 60 का फॉर्मूला लागू किया गया है। इसके लिए 30 फीसद अंक 10वीं कक्षा के हैं। 10 फीसद अंक 11वीं कक्षा के है। वहीं, 12वीं कक्षा के आंतरिक अंकों का 60 फीसद लिया गया है। आंतरिक परीक्षा के अंक स्कूलों द्वारा दिए गए हैं। कंपार्टमेंट परीक्षाओं का परिणाम अन्य विषयों के अंकों का औसत निकालकर तैयार किया गया है। परीक्षा परिणाम में गलती न हो, इसके लिए विद्यार्थियों द्वारा अपलोड किए गए अंकों की दो-दो बार वेरिफिकेशन की गई है।
2 लाख 21 हजार 263 विद्यार्थी पास
परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने 12वीं कक्षा में कुल दो लाख 21 हजार 263 विद्यार्थी पास हुए हैं। इनमें एक लाख 14 हजार 416 छात्र व एक लाख छह हजार 847 छात्राएं पास हुई हैं। वही हिंदी के परिणामों में कंपार्टमेंट के 5567 विद्यार्थी भी पास हुए हैं।
1338 विद्यार्थियों का परिणाम आरएलई घोषित
1338 विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनके प्रमाण पत्र में अंक स्पष्ट नहीं हैं। इस वजह से इनके परिणाम आरएलई घोषित किए गए हैं। इन्हें 15 दिन का नोटिस जारी किया गया है। 15 दिन बाद लंबित परिणाम का निर्णय या सत्यापन करके इनका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। विद्यालय तीन महीने में सत्यापन करवा नहीं पाता तो उस विद्यार्थी का परिणाम रद कर दिया जाएगा। इसी तरह 10वीं के प्रमाण पत्र के अंक स्पष्ट न होने पर 3376 विद्यार्थियों के परिणाम आरएलडी घोषित किया गया है। शेष विद्यार्थियों का परिणाम विद्यालय की ओर से नाम काटने की स्थिति में रद किया गया है।
10वीं का 100 फीसद रहा था परिणाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 11 जून को 10वीं कक्षा का परिणाम जारी किया था। इसमें 100 फीसद पास प्रतिशत रहा था। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा में नियमित 3,13,345 परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित किया गया था। इसमें 1,72,059 छात्र एवं 1,41,286 छात्राएं शामिल रहे। कम्पार्टमेंट परीक्षा के 11,278 परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित किया गया था। इनमें 5,884 छात्र एवं 5,394 छात्राएं शामिल रहे। इसी प्रकार अब 12वीं का परिणाम 26 जुलाई को जारी किया गया है। महामारी के चलते 12वीं की भी परीक्षा नहींं हो पाई थी
बोर्ड की वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने कहा कि शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं का परिणाम जारी कर दिया गया है। बोर्ड ने इसके लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर देख सकते हैं।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें