रोहतक में गैंगवार, हत्या के दोषी को गोलियों से भूना, इधर प्रेम प्रसंग में फौजी ने की आत्महत्या
रोहतक की गांधी कैंप कॉलोनी में गैंगवार हुआ। हत्या के मामले में उम्रकैद के दोषी को गोलियों से भून दिया। वहीं एक अलग मामले में सेना के एक जवान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रोहतक, जेएनएन। रोहतक में अपराध और आत्महत्या के केस रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को रोहतक की गांधी कैंप कॉलोनी में गैंगवार हुआ। हत्या के मामले में उम्रकैद के दोषी को गोलियों से भून दिया। गंभीर रूप से घायल जोगिंदर उम्र 50 साल की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बचने के आसार बेहद कम हैं। फिलहाल कोरोना संक्रमण को फैलने की वजह से वह पैरोल पर आया था।
ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर वह कहीं जा रहा था कि बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनके उपर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। कार के शीशे से लेकर विंडो पर भी कई गोलियां लगी तो जोगिंदर गली संकरी होने के चलते गाड़ी छोड़कर भागने लगे। तभी बदमाशों ने पीछा कर करीब पचास मीटर दूर दूसरी गली में जोगिंदर को करीब पांच से छह गोलियां मारी।
जोगिंदर के साथ उनका भतीजा भी था, जिस पर हमला नहीं किया गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब तक हमलावर वहां से भाग निकले थे और घटनास्थल पर गोलियों के कई खोल भी मिले। गाड़ी पर भी गोलियाें के निशान मिले हैं। इस तरह दिन दहाड़े गैंगवार को होने से इस क्षेत्र में हड़कंप सा मच गया है।
लिव इन में रह रहे फौजी ने फंदा लगाकर दी जान
रोहतक : मकड़ोली रोड पर सेना के एक जवान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सुखपुरा पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 28 वर्षीय जोगरूप कैथल का रहने वाला था वर्तमान में दिल्ली में पदस्थ था। वह फौज में नौकरी करता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अपनी महिला मित्र के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। युवती किराये पर रहती है। जोगरूप और लड़की के बीच रात को झगडा हो गया। इसके बाद युवक ने गले में परना लपेटकर फांसी का फंदा लगा लिया। सिटी थाना पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। मृतक अविवाहित था। वहीं परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। प्रेमिका के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।