जीजेयू में प्रमोशन पर हावी राजनीति, कर्मचारी संघ देगा धरना
जीजेयू में कर्मचारियों की राजनीति तेज हो गई है। कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का एेलान कर दिया है। कर्मचारी शुक्रवार से धरना देंगे।
जेएनएन, हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में रोस्टर के तहत प्रमोशन मामले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में जीजेयू के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ की बैठक हुई। इसमें संघ ने कर्मचारियों के रिक्त पदों पर भर्ती नहीं किए जाने पर सवाल उठाए। एससी यूनियन के सदस्यप पहले ही धरने पर बैठे हैं। बैठक में ऐलान किया गयाकि शुक्रवार से संघ की मांगों को लेकर गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से धरने दिया गया।
इसका कई सदस्यों ने विरोध किया। एक सदस्य ने इसे आपस की राजनीति बताया और भाईचारे को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। बैठक का माहौल और कर्मचारियों के तेवर संघ में दोफाड़ होने की इशारा कर रहे हैं। संघ यदि शुक्रवार को धरने शुरू करता है तो विश्वविद्यालय का पूरा काम ठप हो जाएगा।
दरअसल, जीजेयू में पिछले कई दिनों से कर्मचारियों के बीच तनाव का माहौल है। अनुसूचित जाति कर्मचारी कल्याण संघ के सदस्य पिछले 14 दिनों से धरने पर बैठे हैं। इसका कारण रोस्टर प्रणाली के तहत बैकलॉग नहीं भरने व कर्मचारायों से दुर्व्यवहार के आरोप में घिरे एक अधिकारी पर कोई कारर्वाई नहीं करना है। इस संबंध में जीजेयू का गैर शिक्षक कर्मचारी संघ भी अब तक कोई रास्ता नहीं निकाल पाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि जिस तरीके का माहौल बना है, भविष्य में उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
दिया गया था 15 दिन का समय : अठवाल
जीजेयू की गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ की आमसभा विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में हुई। अध्यक्षता संघ के प्रधान चरणदास अठवाल ने की। अठवाल ने बताया कि गैर शिक्षक संघ कर्मचारियों की मांगों को लेकर संघ 30 नवंबर को कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार से मिला था। कुलपति ने सभी मांगों को पूरा करने के लिए 15 दिन का समय मांगा था, लेकिन इसके बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने संघ की मांगों को पूरा नहीं किया है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
आम सभा में संघ द्वारा 15 दिसंबर से अनिश्चितकालिन धरना देने का फैसला किया गया। अठवाल ने बताया कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन गैर शिक्षक कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं करेगा, सभी कर्मचारी धरने पर रहेंगे। इस अवसर पर संघ के उपप्रधान महेंद्र शर्मा, महासचिव पुनीत खुराना, सचिव कौशल्या, सहसचिव अतुल चौपड़ा, कोषाध्यक्ष विजय गुर्जर, कर्मवीर यादव आदि मौजूद रहे।
वरिष्ठता सूची के आधार पर पदोन्नत नहीं कर रहा विवि प्रशासन
अनुसूचित जाति कर्मचारी कल्याण संघ का धरना 14वें दिन भी जारी रहा। संघ की प्रधान सुमन भोला ने बताया कि एससी कटेगरी की रिक्त सीटें होने के बावजूद भी विश्वविद्यालय प्रशासन वरिष्ठता सूची के आधार पर कर्मचारियों को पदोन्नत नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि संघ के सदस्यों के साथ स्थापना शाखा के उपकुलसचिव द्वारा किए गए दुर्व्यवहार को लेकर भी विश्वविद्यालय प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने कहा कि एससी कटेगरी के कर्मचारियों की नियमानुसार पदोन्नति देने व उपकुलसचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने तक संघ का धरना जारी रहेगा।