युवती ने एक दिन पहले दर्ज करवाया छेड़छाड़ का मामला, अगले दिन फांसी लगा दी जान
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में भिवानी के संजय नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। कहानी में अभी भी पेच फंसा है
बवानीखेड़ा/भिवानी, जेएनएन। अश्लील फोन मैसेज और छेड़छाड़ से तंग होकर बवानीखेड़ा निवासी करीब 22 वर्षीया युवती ने शुक्रवार को पंखे के हुक पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। स्थानीय पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर उसकी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में कस्बा के ही संजय नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विरेंद्र सिंह, एएसआई मनीराम, एएसआई विरेंद्र सिंह, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी नागरिक अस्पताल ले आई। जहां पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस में दी शिकायत में कस्बा बवानीखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी 22 वर्षीया बेटी के फोन पर कस्बा निवासी संजय गलत मैसेज भेजा करता था। इसी से शर्मसार होकर उसकी बेटी ने चौबारे के सामने बने बरामदे में लगे पंखे के हुक पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह किसी काम के लिए घर से बाहर चला गया था। उसकी पत्नी भी प्लॉट में काम के लिए चली गई थी। साथ-साथ उसका बेटा भी घर पर नहीं था। इसी दौरान उसकी बेटी ने फांसी लगा ली। उन्होंने कहा कि जब उसकी बेटी की मां घर आई तो उसने देखा कि उसकी बेटी चौबारे के सामने बरामदे में पंखे के लिए हुक पर फांसी लगाकर लटकी हुई है।
बाद में उसकी पत्नी ने इस घटना की सूचना जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा ले जांच आरंभ कर दी। जांच अधिकारी मनीराम ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर उसकी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में कस्बा के ही संजय नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि आरोपित मृतका का पड़ोसी ही है।
मृतका ने एक दिन पूर्व दर्ज कराया छेड़छाड़ का आरोप
वही मृतका ने एक दिन पूर्व महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा संजय के खिलाफ छेडख़ानी का आरोप भी लगाया था। मृतका की शिकायत पर महिला पुलिस ने संजय के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया था और इस घटना के बारे में जांच शुरू कर दी थी। लेकिन आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पीडि़ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आरोपित संजय का भी हुआ था अपहरण
वही इस मामले में आत्महत्या के आरोपित संजय का भी कुछ युवकों द्वारा दो दिन पहले अपहरण किया गया था। संजय के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने कुछ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी मनीराम ने बताया था कि कुछ घंटों के बाद ही संजय को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़वा लिया गया था। संजय के अपहरण के आरोप में कस्बा के ही पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया था।
आरोप था कि अपहरण करने वाले युवकों ने संजय की पिटाई कर उसे घायल भी कर दिया था। इस मामले में आरोपित संजय फिलहाल अस्पताल उपचाराधीन है। इस मामले में नामजद आरोपित संजय को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर उससे पूछताछ करेगी और मामले की तह तक जाने का प्रयास करेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप