पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा, हरियाणा में बिगड़ती कानून व्यवस्था से लोग भयभीत
पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा हरियाणा में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप की मांग की है।
भिवानी, जेएनएन। पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने प्रदेश की बिगड़ती कानूनी व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों, कर्मचारियों व विभिन्न वर्गों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किये जा रहे आंदोलनों पर भी सरकार से ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। हत्या, लूट व दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। बिगड़ती कानूनी व्यवस्था के कारण आम आदमी भय के माहौल में जीने को मजबूर है। अपराधी खुले आम वारदात को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस कुछ कर नहीं पा रही।
चौधरी ने कहा कि प्रदेश भर के किसान भी सड़कों पर हैं। सरकार द्वारा हाल ही लाए गए किसान विरोधी अध्यादेश से किसानों में भारी चिंता है। बिजली व पानी की पहले से ही कमी बनी हुई है और किसानों का उत्पादन भी नहीं बिक पा रहा। सरकार किसानों की आय दोगुना करने के बड़े दावे करती है, लेकिन किसानों को अपना उत्पादन बेचने के लिए ठोकरें खानी पड़ रही हैं। कई बार तो उन्हें कोडिय़ों के भाव उत्पाद बेचना पड़ रहा है।
किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेशभर में शारीरिक शिक्षक आंदोलनरत हैं। सरकार उनकी समस्या सुलझाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही। प्रदेश सरकार को शारीरिक शिक्षकों की सुनवाई करनी चाहिए ताकि हजारों परिवारों के समक्ष खड़ा हुआ रोजी रोटी का संकट दूर हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार करने और विभिन्न वर्गों की मांगों की सुनवाई करने की मांग की है इसके साथ ही उन्होंने चेताया कि अगर सरकार ने आम आदमी की सुनवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
ये भी पढ़ें: UPSC Civil Services Final Result 2019 14 लाख का पैकेज छोड़ प्रशासनिक सेवा में आई थी महक, अब यूपीएससी में 393वां रैंक
ये भी पढ़ें: हरियाणा में खुल गए कॉलेज, 20 नोडल अधिकारी सेंट्रलाइज्ड ऑनलाइन एडिमशन प्रक्रिया पर रखेंगे नजर
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें