Weather Update: बदलेगा मौसम, तीन मार्च के बाद फिर से बारिश के आसार
हरियाणा में पिछले दो दिनों में मौसम में परिवर्तन दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
जेएनएन, हिसार। हरियाणा में पिछले दो दिनों में मौसम में परिवर्तन दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके अलावा हिसार के नारनौंद, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, सोनीपत और कैथल में ओले भी गिरे।
भिवानी में 20 एमएम, पानीपत में 14 एमएम, झज्जर के बहादुरगढ़ में 10 एमएम, कैथल में 9 एमएम, रोहतक में दो एमएम और करनाल में 1.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में बूंदाबांदी हुई। ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं व सरसों की फसल भी खेतों में पसर गई। सरसों की फसल की टहनियां टूट गई। वहीं चने की फसल के फॉल भी तेज हवा से झड़ गए। तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने से फसलों में संभावित नुकसान को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। 3 मार्च के बाद कहीं-कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ बारिश संभावित है। करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। 4 मार्च को मौसम में फिर से बदलाव के संकेत हैं।
फसल को नुकसान की आशंका
कृषि विभाग के पूर्व तकनीकी अधिकारी डॉ. एसपी तोमर ने कहा कि तेज हवा के साथ बरसात और ओले गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने सलाह दी कि किसान अगले कुछ दिनों तक अपनी फसलों में ङ्क्षसचाई करनी रोक दे। अगर ऐसा करेंगे तो फसलों को खराब होने से बचाया जा सकता है। हालांकि मौसम विशेषज्ञ डॉ. डीएस बुंदेला ने कहा कि अभी तक हुई बरसात से नुकसान की संभावना बहुत कम है।
खेत में चारा काट रही दो महिलाओं पर गिरी आसमानी बिजली
अंबाला में खेत में चारा काट रही दो महिलाओं परमजीत व सुनीता पर शनिवार दोपहर पौने तीन बजे आसमानी बिजली गिर गई। इसके चलते दोनों के पांव बुरी तरह झुलस गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और महिलाओं को ट्रामा सेंटर ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल दोनों की हालत बेहतर है।
इस प्रकार रहा तापमान
जिला | अधिकतम | न्यूनतम |
हिसार | 26.3 | 16.2 |
करनाल | 23.6 | 14.8 |
कैथल | 23 | 12 |
यमुनानगर | 24 | 15 |
पानीपत | 23 | 14 |
सिरसा | 24 | 16 |
फतेहाबाद | 23 | 15 |
झज्जर | 24 | 16 |
दादरी | 25 | 15 |
रोहतक | 25 | 15 |
भिवानी | 25 | 16 |
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें