Haryana weather update: हरियाणा में छाई धुंध की चादर, 25 मीटर हुई दृश्यता, अभी तीन दिन खराब रहेगा मौसम
ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया है। हिसार में रात्रि का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वाहनों की रफ्तार धुंध के कारण धीमी नजर आई।
हिसार, जेेएनएन। हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। जा अभी दिन के समय तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा था तो वहीं शनिवार को सुबह धुंध की चादर में जिलेभर की सड़कें लिपटी दिखाई दी। हिसार में तो यह स्थिति थी कि लोगों को 10 से 15 मीटर तक का भी साफ नहीं दिखाई दे रहा था। यही करण है कि वाहनों की रफ्तार धुंध के कारण धीमी नजर आई। इसके साथ ही चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने को मजबूर कर दिया। हिसार में रात्रि तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह सामान्य से 1 मात्र डिग्री सेल्सियस अधिक है।
धुंध आने का क्या है कारण
मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस समय धुंध आने का बड़ा कारण पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव बना हुआ है। आने वाले कुछ दिनों में इस प्रकार की धुंध देखने की मौसम विज्ञानी संभावना जता रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों की तरफ पश्चिमी विश्व के चले जाने के कारण मैदानी क्षेत्रों में धुंध की संभावना अकसर बढ़ जाती है।
16 फरवरी तक मौसम परिवर्तनशील
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 16 फरवरी तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण बीच-बीच में बदलवाई, हवा चलने तथा दिन के तापमान में हल्की कमी रहने मगर 14 फरवरी से 16 फरवरी के बीच मौसम साफ व खुश्क रहने की संभावना है।
सिरसा में 15 मीटर रही दृश्यता, वाहनों की गति पर ब्रेक
सिरसा में पिछले तीन दिनों में मौसम परिवर्तनशील है। इसका असर अब देखने को मिल रहा है। मौसम में सुबह के समय धुंध छाई रहती है। धुंध के कारण शनिवार को दृश्यता 15 मीटर रही। इससे सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते हुए नजर आए। इससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। धुंध में आद्रता 98 फीसद रही। इससे पेड़ पौधों से सुबह के समय पानी टपकता हुआ नजर आया। धुंध व नमी अधिक होने से फसलों को काफी फायदा मिल रहा है। इससे फसलों की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.8 व न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री रहा।