हिसार से उत्तर-पूर्व राज्यों के लिए पहली ट्रेन, सोमवार से चलेगी त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस, जानिए पूरा शेड्यूल
हिसार से उत्तर-पूर्व राज्यों के लिए सोमवार से पहली ट्रेन चलेगी। त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस फिरोजपुर कैंट से हिसार-भिवानी-रोहतक होकर त्रिपुरा के अगरतला तक जाएगी। वापसी में अगरतला से यह ट्रेन प्रत्येक वीरवार को चलेगी और तीसरे दिन हिसार पहुंचेगी।
जागरण संवाददाता, हिसार। गाड़ी संख्या 04494-04493 त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस का 30 अगस्त से संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को पंजाब के फिरोजपुर स्टेशन से चलेगी और बठिंडा, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नई दिल्ली, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से होते हुई बिहार के पाटलीपुत्र, कटिहार, गुवाहाटी होकर अगरतला तक जाएगी। यह नार्थ-ईस्ट के लिए हिसार से पहली ट्रेन है। इस ट्रेन के चलने से बिहार, असम, त्रिपुरा तक जाएगी। वापसी में यह ट्रेन हर वीरवार को अगरतला से चलेगी। इस ट्रेन का रिस्पोंस भी रेलवे को अच्छा मिल रहा है। इस कारण इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। इससे पहले इसी माह 17 अगस्त को हिसार से गाड़ी संख्या 09229 मुंबई सेंट्रल-हिसार के बीच सीधी ट्रेन चली थी। पहले यह ट्रेन जयपुर से मुंबई सेंट्रल के बीच चलती थी मगर इसे सीकर-लोहारू होते हुए हिसार तक विस्तार किया कर दिया गया। इसी तरह अगरतला जाने वाली ट्रेन आनंद विहार स्टेशन से चलकर अगरतला जाती थी मगर इसे अब फिरोजपुर से वाया हिसार होकर चलाया जा रहा है।
इस ट्रेन में 22 कोच होंगे, बुकिंग शुरू
त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे, जिसमें एक रसोई भी शामिल है। इसके अलावा 2 जनरेटर कार, 4 जनरल, 7 स्लीपर, 6 थर्ड एसी और 2 सेकेंड एसी कोच होंगे। इस ट्रेन के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। इस ट्रेन में सबसे ज्यादा बुकिंग दिल्ली व इसके बाद के स्टेशनों से हो रही है मगर इसके फिरोजपुर से पूरी से संचालन के बाद हरियाणा से जाने वाले यात्रियों की संख्या भी अधिक रह सकती है। अभी तक हिसार से प्रयागराज, बिहार होकर नार्थ-ईस्ट जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं थी। दिल्ली जाकर यात्रियों को ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। यह ट्रेन करीब 2897 किमी का सफर तय करेगी।
ये रहेगा शेड्यूल
यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से दोपहर 1.25 बजे चलेगी। यह ट्रेन सिरसा शाम 5.12 बजे, हिसार 7.00 बजे पहुंचेगी यहां 10 मिनट का ठहराव होगा। इसके बाद भिवानी, रोहतक होकर रात 11.30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन सुबह 5.45 बजे कानुपर सेंट्रल, 8.20 बजे प्रयागराज, 11.2 बजे पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, दोपहर 2.05 बजे पाटलिपुत्र होकर तीसरे दिन सुबह सवा आठ बजे गुवाहाटी पहुंचेगी और रात को 11 बजे अगरतला पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक वीरवार को दोपहर तीन बजे अगरतला से चलेगी और तीसरे दिन शाम 4.50 बजे हिसार पहुंचेगी।