आंदोलनकारियों के लिए बलदेव सिंह सिरसा के आमरण अनशन को हुआ छठा दिन, बिगड़ रही तबीयत
बीजेपी विधायक रणबीर गंगवा की कार पर पथराव करने वाले आंदोलनकारियों की रिहाई के लिए 18 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा के नेता बलदेव सिंह सिरसा का स्वास्थ्य निरंतर गिर रहा है। धरनारत किसानों ने बलदेव सिंह का स्वास्थ्य जांचने के लिए सरकारी चिकित्सक भी पहुंचे
जागरण संवाददता, सिरसा : देशद्रोह के मुकद्दमे में गिरफ्तार पांच किसानों की रिहाई के लिए बरनाला रोड पर बीती 18 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा के नेता बलदेव सिंह सिरसा का स्वास्थ्य निरंतर गिर रहा है। धरनारत किसानों ने बलदेव सिंह का स्वास्थ्य जांचने के लिए आने वाले सरकारी चिकित्सकों पर संतुष्टि नही जताई और उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए निजी चिकित्सक को बुलाया है। किसान नेता गुरप्रीत गिल के अनुसार बलदेव सिंह सिरसा का पांच से छह किलो वजन घट चुका है। शरीर में कमजोरी भी है। वहीं दूसरी तरफ बलदेव सिंह सिरसा का कहना है कि जब तक किसानों की रिहाई नहीं हो जाती, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि या तो रिहाई होगी, या उनकी विदाई होगी।
------किसान नेता गुरप्रीत गिल ने कहा कि गिरफ्तार किसानों की रिहाई के लिए बलदेव सिंह सिरसा के आमरण अनशन का छठा दिन है। सरकारी चिकित्सक से उन्हाेंने उनकी मेडिकल रिपोर्ट मांगी तो उन्होंने उपलब्ध नहीं करवाई। जिसके बाद बलदेव सिंह ने मेडिकल करवाने से इंकार किया तो उसके बार रिपोर्ट दी है। इसके साथ ही वजन करने वाली मशीन सही नहीं है। सरकारी मशीन के मुताबिक छह दिन भूखे रहने के बाद भी उनका वजन नहीं घटा है। जिसके बाद वे अपनी मशीन लेकर आए हैं, जिसमें छह किलो वजन कम आ रहा है।
-------किसानों ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक शहर बंद करवाने का आह्वान किया है। उधर किसानों के धरने के लंबा खिंचने से प्रशासन चिंता में है। प्रशासनिक अधिकारी बलदेव सिंह सिरसा से आमरण अनशन खत्म करने की अपील कर रहे हैं। जिला उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक डा. अर्पित जैन ने जिले के गणमान्य लोगों की बैठक बुलाकर भी इस आंदोलन को खत्म करने की अपील की।