भिवानी के कितलाना टोल से खाद्य सामग्री लेकर किसान दिल्ली बार्डर के लिए रवाना
विभिन्न गांव से सैकड़ों किसान खाद्य सामग्री लेकर दिल्ली बार्डर पर जाने का अभियान तेज कर दिया। भिवानी के गांवों के अलावा दादरी जिला की सांगवान खाप के भी गांव डोहकी घिकाड़ा पिचोपा खुर्द कुब्जा नगर पांडवान आदि के किसान अपने साथ सहयोग सामग्री लेकर टिकरी बार्डर पर रवाना हुए।
भिवानी, जेएनएन। भिवानी के कितलाना टोल प्लाजा पर धरनारत किसानों के विभिन्न गांव से सैकड़ों किसान खाद्य सामग्री लेकर दिल्ली बार्डर पर जाने का अभियान तेज कर दिया है। भिवानी के गांवों के अलावा दादरी जिला की सांगवान खाप के भी गांव डोहकी, घिकाड़ा, पिचोपा खुर्द, कुब्जा नगर, पांडवान आदि के किसान अपने साथ सहयोग सामग्री लेकर टिकरी बार्डर पर रवाना हुए। बुधवार के धरने की अधयक्षता नरसिंह सांगवान डीपीई, बलवन्त फोगाट नम्बरदार, रणधीर कुंगड़, गंगाराम स्योराण, सुभाष यादव, दिलबाग ग्रेवाल, कृष्णा सांगवान, मास्टर राजसिंह तथा प्रभुराम राम गोदारा ने की। मंच संचालन कामरेड ओम प्रकाश व रणधीर सिंह घिकाड़ा ने सयुंक्त रुप से किया।
किसानाें के धरने के चलते 48वें दिन भी टोल फ्री रखा गया। धरनारत किसानों को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चे के नेताओं ने कहा कि प्रत्येक गांव में कमेटियां बनाई जाएंगी ताकि सभी वर्गों के किसान व मजदूर अपने साथ सहयोग सामग्री लेकर जाते रहेंगे। दिल्ली बार्डर पर धरनारत किसानों को खाने पीने की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसान आन्दोलन को लम्बा चलवाकर कमजोर करना चाहती है। सरकार की इस मंशा को सफल नहीं होने दिया जाएगा। किसान मोर्चे ने भी लम्बी लड़ाई लड़ने का निर्णय ले लिया है जो शांत्तिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ता जाएगा।
इस आन्दोलन के समर्थन में सर्व समाज के किसान और आम लोग आ चुके हैं। यह जन आंदोलन बन चुका है। गौरतलब है कि अलग अलग राज्यों हरियाणा, राजस्थान, उतरप्रदेश व मध्यप्रदेश में अलग अलग जगह किसान महापंचायतें हो रही हैं। इनमें भारी संख्या में किसान मजदूर भाग ले रहे ह्रैं। बुधवार के धरने में में सूरजभान सांगवान, नफेसिंह स्योराण, सूखदेव पालवास, कमल प्रधान, शकुन्तला कोंट, सूबेदार सतबीर सिहं, दया नम्बरदार जोगी, सुरेन्द्र कुब्जा नगर, सत्या लेघा, बलबीर बजाड़, महाबीर बडेसरा, सत्यवान कालूवाला, नरदेव अटेला व मुन्शी राम मलिक, दिलबाग ढुल व राजबीर बोहरा ने विचार रखे।