बाथरूम में नहाने गई 19 साल की लड़की, कुछ देर बाद मिली लाश
बाथरूम में नहाते समय गीजर से गैस लीक होने के कारण एक युवती की मौत हो गई। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला और उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। तब तक देर हो चुकी थी
कुलां (फतेहाबाद) जेएनएन। अगर आपके घर गैस गीजर लगा है तो सावधान हो जाइए। क्योंकि जरा सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। क्योंकि अगर बाथरूम में वेंटीलेशन नहीं है यानि हवा अंदर-बाहर नहीं हो रही है तो इससे दम घुट सकता है। टोहाना के रामनगर कालोनी में बाथरूम में नहाते समय गीजर से गैस लीक होने के कारण एक युवती की मौत हो गई। घटना के समय घर पर युवती की भाभी मौजूद थी।
काफी समय के बाद जब लड़की बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों को बताया। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला और उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन डाक्टर के अनुसार बाथरूम में दम घुटने से युवती की मौत हो चुकी थी। हालांकि इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। उधर, युवती का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव जमालपुरशेखां में किया गया।
भूपेंद्र सिंह जमालपुरशेखां के रहने वाले हैं। करीब तीन साल पहले वे टोहाना रहने लग गए और स्वर्णकार का काम करते है। सोमवार को उनकी 19 वर्षीय बेटी दीपिका नहाने के लिए बाथरूम में गई। घर पर गर्म पानी के लिए गीजर गैस लगा रखा है। बाथरूम के अंदर वेंटिलेशन नहीं था। दीपिका ने अंदर से दरवाजा भी बंद कर लिया था। अंदर गैस लीक हो रही थी। वहीं बाथरूम से गैस बाहर आने के लिए एक भी खिड़की नहीं थी।
करीब 45 मिनट तक जब दीपिका बाहर नहीं आई तो उसकी भाभी ने पड़ोसियों को सूचना दी। कई बार आवाज भी लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो युवती बेसुध पड़ी थी। उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया। गांव जमालपुरशेखां में अतिम संस्कार कर दिया।
बता दें कि गैस गीजर के बर्नर्स से पैदा होने वाली आग के कारण ऑक्सीजन की खपत अधिक होती है और कार्बन डाई ऑक्साइड की मात्रा बढ़ जाती है। कार्बन मोनोआक्साइड भी बनती है। यह रंगहीन व गंदहीन गैस होने के साथ-साथ बेहद जहरीली होती है। यही गैस मौत का कारण बन जाती है। बिना वेंटिलेशन वाले बाथरूम में गैस गीजर से निकलने वाली गैस के कारण खून में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है। इससे शरीर के लगभग सभी अंग प्रभावित होने लगते हैं।
युवती 12वीं की छात्रा थी
मृतका दीपिका बारहवीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता भूपेंद्र ङ्क्षसह पेशे से सुनार हैं, जबकि माता निजी स्कूल में अध्यापिका है। सोमवार को दीपिका के पिता दुकान पर थे एवं माता स्कूल में ड्यूटी पर गईं हुईं थीं, वहीं दूसरे बहन-भाई भी स्कूल में गए हुए थे। बताया गया है कि हादसे के वक्त घर पर दीपिका व उसकी मौसेरी भाभी मौजूद थीं।
पुलिस के पास नहीं घटना की जानकारी
टोहाना शहर के थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।