सिरसा में Double murder, दो युवकों की जघन्य तरीके से हत्या कर माइनर में फेंके शव
नहर किनारे से कापा हथियार भी बरामद हुआ है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार कई लोगों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया है। मृतकों की उम्र लगभग 25 साल के करीब है।
हिसार/सिरसा, जेएनएन। सिरसा जिले में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। चौपटा के पास नाथूसरी कलां की कुतियाना माइनर में दो युवकों के शव मिले हैं। ग्रामीणों ने शव देखे तो भगदड़ मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। माइनर के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। हत्या बेहद जघन्य तरीके से की गई है। शवों पर तेजधार हथियार से वार के निशान हैं। नहर किनारे से कापा हथियार भी बरामद हुआ है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार कई लोगों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया है। घटनास्थल पर एसपी अरुण कुमार, डीएसपी जगदीश सिंह और चौपटा पुलिस थाना इंचार्ज सुखबीर भी पहुुंचे हैं। वहीं सीन ऑफ क्राइम की टीम व एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। सीन ऑफ क्राइम अधिकारी अजमेर सिंह का कहना है कि युवकों की उम्र करीब 25 साल के लगभग है। वहीं हत्या पहले की कर दी गई इसके बाद शवों को यहां लाया गया है। शवों से 1500 मीटर की दूरी पर मिला कापा हथियार हो सकता है ध्यान भटकाने के लिए भी वहां फेंका गया हो। वहीं फिंगरप्रिंट के आधार पर भी काम किया जाएगा।
उन्होंने बताया एक मोबाइल फोन भी मिला है तो एक घड़ी भी है जो रात को ही बंद हो चुकी है। हत्या किस वजह से की गई है और किसने की है। इसका खुलासा फोन से ही को सकता था। वहीं सुबह किसान राजेश खेत में आया तो देखा कि माइनर में खून से सने दो शव पड़े हुए थे, इसके बाद पुलिस को सूचना मिली थी।
पुलिस ने बताया कि गोगामेड़ी को लेकर मेले में आने वाले युवकों से कहीं लूटपाट करके हत्या न कर दी गई हो। इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। वहीं राजस्थान पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।