चुनाव में दिव्यांगों को मिलेगी स्पेशल सुविधा, पहली बार घर से मतदान केंद्र लाया जाएगा
हिसार प्रशासन बना रहा मोबाइल एप देश में पहली बार मिलेगी ऐसी सुविधा। दिव्यांगों को मोटिवेट करने के लिए हिसार डीसी लिखेंगे पत्र घर-घर जाकर दिए जाएंगे।
जेएनएन, हिसार। इस बार चुनाव के दौरान दिव्यांगों को घर से मतदान केंद्र तक लाने की जिम्मेदारी उठाई जा रही है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि लोकतंत्र के इस त्योहार में दिव्यांग भी बढ़चढ़ कर भाग ले सकें। प्रशासन ने इसके लिए बीड़ा उठाया है और एक मोबाइल एप तैयार की जा रही है। इस एप की मदद से दिव्यांगों को वोट डालने के दौरान होने वाली परेशानियों से निपटा जाएगा। इस एप के जरिए दिव्यांग मतदाता और उसका एक सहायक घर से मतदान केंद्र तक जाने और आने की सुविधा ले सकता है। दिव्यांग को इच्छानुसार मतदान के लिए व्हीलचेयर भी प्रशासन उपलब्ध करवाएगा। जिले में 11 हजार के करीब दिव्यांग हैं। यह दिव्यांग भी मतदान केंद्र में जाकर अपने वोट डाल सके इसके लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने पहल करते हुए सात हजार दिव्यांगों को चिह्नित कर लिया है। जल्द ही इस एप को लांच कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं डीसी खुद हर दिव्यांग को पत्र लिखकर चुनाव में वोट डालने की अपील करेंगे। इसके लिए हर अधिकारी दिव्यांग के घर तक जाएगा। उन्हें वोट डालने के लिए प्रेरित करेगा।
फोटो वोटर स्लिप के साथ लानी होगी आइडी
इस बार वोटरों को रंगीन फोटो वाली वोटर स्लिप दी जाएगी। मगर इसका मतलब यह नहीं है कि वोटर सिर्फ इसी स्लिप के जरिये वोट दे सकेगा। इस स्लिप के साथ आइडी लाना जरूरी है। तभी मतदाता वोट डाल सकेगा।
वित्तमंत्री के हलके में सात अतिसंवेदनशील बूथ
हिसार में 11 अतिसंवेदनशील बूथ हैं। वित्तमंत्री के हलके नारनौंद में सात अतिसंवेदनशील बूथ है। इन बूथों में आदमपुर में दो, उकलाना में एक, नारनौंद में सात और नलवा में एक बूथ है। आदमपुर में सदलपुर, उकलाना में बंधावड़, नारनौंद में गामड़ा, खानपुर, पेटवाड़ और 4 बूथ अकेले बांस में है।
हिसार के डिसी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि दिव्यांगों के लिए देश में पहली बार हम घर से मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए वाहन सुविधा दी जा रही है। इसके लिए एप तैयार की जा रही है। मैं स्पेशल हर दिव्यांग को पत्र लिखूंगा ताकि वे वोट डालने अपने-अपने बूथ पर आएं।