लॉजिस्टिक पार्क से विकास को मिलेगी गति : डा. गुप्ता
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिसार में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण से शहर के विकास को भ्भ्गति मिलेगी। विधायक कमल गुप्ता काफी दिनों से इसके लिए प्रयास कर रहे थे।
जागरण संवाददाता, हिसार : हिसार से विधायक डा. कमल गुप्ता ने केंद्र सरकार द्वारा हिसार में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क निर्माण को मंजूरी दिए जाने के निर्णय को लेकर केंद्र सरकार तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि 2014 में देश व प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मेरी विधायक होने के नाते बड़ी इच्छा रही है कि हिसार शहर का पूर्ण विकास हो। इसी को लेकर हमने प्रयास शुरू कर दिए थे। इस विषय में विशेषज्ञों से सलाह लेकर केंद्रीय व प्रदेश स्तरीय उच्चाधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं पर कई दौर की बैठकों का आयोजन किया जाता रहा है। इन प्रयासों के चलते सुखद स्थिति यह है कि शहर विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है।
विधायक गुप्ता ने कहा कि देशभर में बुनियादी ढांचे को मजबूत कर आर्थिक व्यवस्था में सुधार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए देश में 22 परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाए जाने की दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। इससे हिसार शहर को सीधे रूप से हवाई, सड़क व रेलमार्ग को कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके तहत नए राजमार्गो के साथ-साथ अधूरी परियोजनाओं को भी शुरू किया जाएगा। इसमें बंदरगाहों, सड़कों और राष्ट्रीय गलियारों का विकास करना परियोजना का मुख्य उद्देश्य है।