Dengue case: हिसार में अक्टूबर में डेंगू के मिले थे 432 केस, इस माह 20 दिन में मिल चुके 453 मामले
हिसार में डेंगू का आंकड़ा 900 पर पहुंच गया है। इनमें से नवंबर महीने 20 दिन में डेंगू के 453 रोगी मिल चुके है जबकि अक्टूबर में डेंगू के 432 केस मिले थे। वहीं इससे पहले सितंबर महीने में डेंगू के 15 केस मिले थे।
जागरण संवाददाता, हिसार: हिसार में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे है। हालांकि प्रतिदिन मिलने वाले केस का आंकड़ा अब कम हुआ है। लेकिन इसके बावजूद नए केस लगातार मिल रहे है। अब डेंगू का आंकड़ा 900 पर पहुंच गया है। इनमें से नवंबर महीने 20 दिन में डेंगू के 453 रोगी मिल चुके है, जबकि अक्टूबर में डेंगू के 432 केस मिले थे। वहीं इससे पहले सितंबर महीने में डेंगू के 15 केस मिले थे। गौरतलब है जिले में वर्ष 2015 में अब तक के सर्वाधिक 1140 डेंगू के केस मिले थे।
लेकिन लगातार मिल रहे डेंगू के मामलों से जल्द ही यह रिकार्ड टूट सकता है। सिविल अस्पताल से मलेरिया विभाग में सर्विलांस अधिकारी डिप्टी सीएमओ डा. सुभाष खतरेजा ने बताया कि डेंगू के मामले अब पहले के मुकाबले कम है। लेकिन हम लगातार डेंगू से बचाव के लिए एंटी लारवा एक्टिविटी अभियान चला रहे है। साथ ही नगर निगम की तरफ से फागिंग भी करवाई जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रखेंगे, जब तक कि डेंगू के मामले बिलकुल खत्म नहीं हो जाते। विभाग की एमपीएचडब्लू टीमों के द्वारा एंटी लारवा एक्टिविटी अभियान के दौरान कई क्षेत्रों से मच्छरों का लारवा मिल रहा है। जिसे नष्ट किया जा रहा है।
डेंगू होने पर मिलते है यह लक्षण -
- डेंगू होने पर मरीज के सिर में दर्द रहता है।
- मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द बना रहता है।
- जी मिचलाना और उल्टी लगने जैसे लक्षण मिलते है
- आंखों के पीछे दर्द रहता है,
- ग्रंथियों में सूजन आ जाती है।
- त्वचा पर लाल चकत्ते होने लगते है।
- गंभीर स्थिति में शरीर से खून आने जैसे लक्षण सामने आते है।
डेंगू से बचाव के लिए यह करें -
- डेंगू से बचाव के लिए बुखार होने पर स्वयं दवा न लें।
- चिकित्सक से सलाह लेकर ही उपचार करवाएं।
- प्लेटलेट्स का चेकअप करवाएं, अगर कम हो तो चिकित्सक की सलाह लें।
- हल्का खाना लें, लिक्विड अधिक मात्रा में ले, शरीर में पानी की कमी न होने दें।