छेड़खानी से तंग हो आग लगाने वाली महिला की मौत, दस दिन बाद हार गई जिंदगी की जंग
छह सिंतबर को एक महिला ने खुद को आग लगा ली थी। इस दौरान बचाने आए उसके पति भी बुरी तरह से झुलस गए थे। पड़ोस का रहने वाला युवक काफी समय से पीडि़ता को परेशान करता था।
हिसार, जेएनएन। पड़ोसी युवक की छेड़खानी से तंग होकर हिसार के गांव में खुद को आग लगाने वाली एक विवाहिता ने दस दिन तक मौत से जूझ जिंदगी की जंग हार गई। महिला ने उपचार के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया। महिला के शव का पोस्टमार्टम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में करवाया गया है। वहीं परिजनों के बयान पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
बता दें कि छह सिंतबर को एक महिला ने खुद को आग लगा ली थी। इस दौरान बचाने आए उसके पति भी बुरी तरह से झुलस गए थे। दोनों को पहले तो हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया था मगर हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पति की हालत तो सुधर गई मगर ज्यादा जले होने के कारण महिला की हालत में सुधार नहीं हो पाया, आखिर में महिला ने अंतिम सांस ली।
जानकारी के मुताबिक हांसी खंड के अंतर्गत आने वाले गांव में दो बच्चों की मां ने घर के सामने रह रहे पड़ोसी युवक पर छेड़खानी और परेशान करने का आरोप लगाते हुए खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाई थी। इस दौरान आग में झुलसी महिला को उसके पति ने बचाने की कोशिश की इस दौरान वह भी उस में झुलस गया।
पुलिस को दिए बयान में बताया कि पड़ोस का रहने वाला युवक काफी समय से पीडि़ता को परेशान करता था। इतना ही नहीं वह उसके साथ छेड़खानी भी करता है तो इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी जहां उसने अपनी गलती मान कर उसे माफी भी दे दी गई थी लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। युवक की छेड़खानी और परेशानियों से तंग हो विवाहिता ने शुक्रवार सुबह खुद को तेल डालकर आग के वाले कर दिया। परिजनों ने गंभीर अवस्था में दोनों को हांसी के अस्पताल में भर्ती करवाया था।