पानीपत से लापता युवक का शव तीन दिन बाद रोहतक में नहर में मिला, चेहरे पर चोट के निशान
रोहतक में सनसनी फैल गई। पानीपत के समालखा से लापता युवक का शव बोहर गांव के पास जेएलएन नहर में मिला। वह 10 अप्रैल से लापता था। चेहरे पर चोट के निशान हैं। स्वजनों ने शव की शिनाख्त की है।
रोहतक, जेएनएन। पानीपत के समालखा से 10 अप्रैल को लापता हुए युवक का शव बोहर गांव के पास जेएलएन नहर में मिला। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान कराई गई। इसके बाद स्वजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर ली है।
दोपहर के समय पुलिस को सूचना मिली कि बोहर गांव के पास नहर में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। जिसके चेहरे पर चोट के निशान थे। पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसकी जेब से एक आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर मृतक की पहचान पानीपत जिले के समालखा की शास्त्री कालोनी निवासी 23 वर्षीय विकास के रूप में हुई। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने समालखा पुलिस से संपर्क किया। जिसके बाद शाम के समय उसके स्वजन रोहतक पहुंचे।
तीन लड़के बुलाकर ले गए थे
विकास के पिता महावीर ने बताया कि 10 अप्रैल को तीन लड़के उसे घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। स्वजनों ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या कर शव नहर में फेंका जा सकता है। एफएसएल इंचार्ज डा. सरोज दहिया मलिक को भी मौके पर बुलाया गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि मृतक के चेहरे पर गहरी चोट का निशान नहीं है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइएमएस में रखवा दिया। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम होगा।
स्वजनों ने कुछ लड़कों पर लगाया आरोप
थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त करा दी गई है। स्वजनों ने कुछ लड़कों पर आरोप लगाया है। यह मामला समालखा पुलिस देख रही है। यहां पर जीरो एफआइआर दर्ज कर इसे समालखा भेज दिया जाएगा।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें