जिस घर में गाए जा रहे थे शादी के गीत, वहां लटका मिला युवक का शव, मची चीख पुकार
रात को समारोह खत्म होने के बाद युवक का हलवाई वाली जगह पर फांसी के फंदे पर शव लटका मिला है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने उसकी हत्या करके उसके शव को लटका दिया है।
हिसार, जेएनएन। कलानौर के वार्ड 9 के एक घर में शादी के गीत गाए जा रहे थे, वहां एक दम से सन्नाटा पसर गया। यहां राजेन्द्र नामक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका शव मिला है। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक तंदूर पर रोटी बनाने के लिए वार्ड नं 9 में शादी समारोह में आया हुआ था। रात को समारोह खत्म होने के बाद उसका हलवाई वाली जगह पर फांसी के फंदे पर शव लटका मिला है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने उसकी हत्या करके उसके शव को लटका दिया है। कलानौर पुलिस मौके पर पहुंची है और कार्रवाई कर रही है।
मृतक राजेंद्र सुमित मदान के घर पर तंदूर के काम पर गया था और वह अपने साथ रोटी बनाने वाले एक कारीगर को भी लेकर गया था। मदान परिवार में आज शादी है कल उनके सभी रिश्तेदार आये हुए थे जिनके लिए रात को रोटी राजेन्द्र ने बनाई थी। बता रहे है कि आज सुबह 3 बजे राजेन्द्र ने परांठे बनाने के लिए आलू भी उबाले थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब शादी वाले घर से कोई आदमी हलवाई वाली जगह पर पहुंचा तो राजेन्द्र का शव खूंटी से लटका देख अपने घर आवाज लगाई । फिलहाल दूसरे कारीगर का पता नही चल पाया है कि वो कौन था पुलिस जांच में जुटी है। मृतक राजेन्द्र के तीन बच्चे जिसमे दो लड़कियां व एक लड़का है। बड़ी लड़की की उम्र करीब सात साल बताई जा रही है।
वहीं शादी के दिन घर में युवक का शव मिलने से शादी वाले परिवार में तनाव का माहौल है। आखिर युवक ने आत्महत्या की या किसी ने हत्या कर दी यह बड़ा सवाल बना हुआ है। वहीं रस्में निकालने के समय इस तरह से हुई घटना से सब लोग स्तब्ध हैं तो पुलिस भी पूछताछ में जुटी है।